- एयरफोर्स फॉर्म भरवाने झज्जर जा रहे थे, एक का चयन हो चुका, दूसरा का एग्जाम क्लियर था
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के झज्जर में ट्रक-कार की टक्कर में दो दोस्तों की मौत हो गई। इनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि जिस गाड़ी में युवक सवार थे, उसके परखच्चे उड़ गए। गाड़ी की खिड़कियां काटकर शवों को बाहर निकाला गया।
तीनों युवक झज्जर के भदानी गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान मुकुल, निशांत के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शवों को मॉर्च्यूरी में रखवा दिया है। ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, घायल दीपक का कुछ ही दिन पहले ही एयरफोर्स में चयन हुआ था। कुछ ही दिनों बाद उसकी जॉइनिंग होनी थी। मृतक मुकुल का भी एयरफोर्स का एग्जाम क्लियर हो गया था, अभी फाइनल मेरिट का वेट कर रहा था।
दीपक और मुकुल, तीसरे साथी निशांत का एयरफोर्स का फॉर्म भरवाने के लिए झज्जर जा रहे थे। पुलिस लाइन के पास पहले पीछे से एक पिकअप ने इनकी गाड़ी में टक्कर मारी। तुरंत ही सामने से आ रहे एक ट्रक ने भी गाड़ी को उड़ा दिया।
सिलसिलेवार पढ़िए, कैसे हुआ हादसा…
हादसा शनिवार दोपहर झज्जर-बहादुरगढ़ रोड पर पुलिस लाइन के पास हुआ। भदानी गांव के मुकुल, निशांत और दीपक आई-10 गाड़ी में सवार होकर जा रहे थे। पुलिस लाइन के पास पहुंचते ही गाड़ी को पीछे से एक पिकअप ने टक्कर मार दी। जैसे ही गाड़ी कुछ फीट आगे बढ़ी, सामने से आ रहे ट्रक ने उसे उड़ा दिया।
एक्सीडेंट में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। बोनट का हिस्सा टूटकर कई फीट दूर जाकर झाड़ियों में गिरा। स्टेयरिंग टूटकर ड्राइविंग कर रहे युवक की छाती से चिपक गया। आसपास के लोगों ने तुरंत गाड़ी की खिड़कियां काटकर युवकों को बाहर निकाला।
तीनों को एम्बुलेंस से झज्जर के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान निशांत की मौत हो गई, जबकि गंभीर हालत को देखते हुए मुकुल को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
तीसरे घायल को दीपक को झज्जर के एडवांटा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दीपक की हालत अभी खतरे से बाहर बनी हुई है। परिजनों का कहना है कि दीपक कुछ दिन बाद ही एयरफोर्स में क्लर्क के पद पर जॉइनिंग करने वाला था।
पिकअप ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने हादसे के बाद पिकअप ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।