- जीत भारत को समर्पित
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : भारत के दिग्गज पहलवान और अपराजित मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) फाइटर संग्राम सिंह ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगे का मान बढ़ाया है। भारत-पाकिस्तान के बहुप्रतीक्षित मुकाबले में संग्राम ने पाकिस्तान के मोहम्मद आबिद अली को महज 1 मिनट 20 सेकंड (80 सेकेंड) में नॉकआउट कर प्रतिष्ठित STRIKE एशिया चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया।
मुकाबले की शुरुआत से ही संग्राम पूरी तरह हावी रहे और पहले ही राउंड में दमदार प्रहारों की बदौलत प्रतिद्वंद्वी को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। इस जीत के साथ उन्होंने अपना अपराजित प्रोफेशनल MMA रिकॉर्ड भी कायम रखा और भारतीय मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स के इतिहास में एक और यादगार उपलब्धि दर्ज कर दी।
पहले ही राउंड में खत्म कर दी फाइट
STRIKE एशिया चैंपियनशिप में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का इंतजार खेल प्रेमी लंबे समय से कर रहे थे। मुकाबला शुरू होते ही संग्राम सिंह ने आक्रामक रणनीति अपनाई और लगातार सटीक प्रहार किए। उनकी स्पीड और ताकत के आगे पाकिस्तान के मोहम्मद आबिद अली टिक नहीं सके और मुकाबला महज 1 मिनट 20 सेकंड में नॉकआउट के साथ समाप्त हो गया।
अपराजित रिकॉर्ड बरकरार, करियर में जुड़ा नया अध्याय
इस जीत के साथ संग्राम सिंह ने अपने प्रोफेशनल MMA करियर का अपराजित रिकॉर्ड कायम रखा। कुश्ती के बाद मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में भी उन्होंने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए खुद को एशिया के शीर्ष फाइटर्स में शामिल कर लिया है। STRIKE एशिया चैंपियन बनने के साथ उनके खेल करियर में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई।
जीत देशवासियों और तिरंगे को समर्पित की
चैंपियन बनने के बाद संग्राम सिंह ने अपनी जीत को भारत के 140 करोड़ देशवासियों के नाम समर्पित किया। उन्होंने कहा, “यह जीत मेरे देश भारत के 140 करोड़ देशवासियों को समर्पित है। जब भी मैं रिंग या केज में उतरता हूं, मेरे साथ पूरे देश की उम्मीदें और तिरंगे का सम्मान होता है। यह खिताब भारत माता को समर्पित है।”
पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय फाइट जीत चुके हैं संग्राम
संग्राम सिंह इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय MMA मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। उन्होंने पाकिस्तान के अली रज़ा नासिर, ट्यूनीशिया के हाकिम त्राबेलसी और फ्रांस के फ्लोरियन कूडियर जैसे फाइटर्स को हराकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है।