October 15, 2026
16 july 4
  • देर रात घर पर अचानक बिगड़ी तबीयत

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : रोहतक के जाने-माने हृदय रोग विशेषज्ञ एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सक्रिय कार्यकर्ता डॉ. आदित्य बत्रा का बुधवार देर रात हृदय गति रुकने (कार्डियक अरेस्ट) से निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन से चिकित्सा जगत, राजनीतिक क्षेत्र और पूरे रोहतक शहर में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात अपने निवास पर डॉ. आदित्य बत्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने बिना देर किए उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की टीम ने कई घंटे तक उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया। सभी प्रयासों के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और रात करीब 3:30 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉ. आदित्य बत्रा रोहतक के प्रतिष्ठित हृदय रोग विशेषज्ञों में गिने जाते थे। उन्होंने वर्षों तक मरीजों का उपचार कर समाज में अपनी अलग पहचान बनाई। चिकित्सा सेवा के साथ-साथ वे सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहते थे तथा भाजपा से जुड़े हुए थे।

डॉक्टरों, सामाजिक संगठनों, राजनीतिक नेताओं, उनके शुभचिंतकों और बड़ी संख्या में मरीजों ने गहरा शोक

उनके निधन की खबर सामने आते ही डॉक्टरों, सामाजिक संगठनों, राजनीतिक नेताओं, उनके शुभचिंतकों और बड़ी संख्या में मरीजों ने गहरा शोक व्यक्त किया। सोशल मीडिया पर भी लोग उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके योगदान को याद कर रहे हैं। डॉ. आदित्य बत्रा का अंतिम संस्कार वीरवार सुबह 11:00 बजे किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में चिकित्सक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। उनके निधन को रोहतक के चिकित्सा जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।