July 16, 2026
16 july 3
  • कई कंपनियों के राइडर्स का हंगामा, 3 घंटे डेडबॉडी नहीं उठाने दी

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : गुरुग्राम में नेशनल हाईवे नंबर-48 पर गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार डिलीवरी बॉय को कुचल दिया। जेप्टो कंपनी में काम करने वाले डिलीवरी बॉय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी डंपर ड्राइवर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

खबर मिलते ही बड़ी संख्या में डिलीवरी बॉय मौके पर इकट्ठा हो गए। एम्बुलेंस के देरी से पहुंचने और पुलिस के कोई एक्शन न लेने को लेकर आक्रोशित डिलीवरी बॉयज ने हाईवे पर जमकर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे के चलते हाईवे पर 4 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। वहीं, इसके चलते होम डिलीवरी ठप हो गई है। डिलीवरी बॉय घरों में डिलीवरी करने नहीं जा रहे।

डिलीवरी राइडर्स ने पुलिस को 3 घंटे तक शव तक उठाने नहीं दिया। हालांकि, पुलिस ने डिलीवरी राइडर्स को समझाने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।

 

सुबह डिलीवरी करने जा रहा था

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मृतक युवक ग्रॉसरी प्रोवाइडर जेप्टो कंपनी में काम करता था और सुबह करीब 8 बजे डिलीवरी करने के लिए जा रहा था। उसने जेप्टो का बैग लिया हुआ था। इसी दौरान खेड़की दौला टोल प्लाजा के बाद उसे एक डंपर ने टक्कर मार दी। जिससे वह गिर गया और डंपर के टायर के नीचे आ गया।

मृतक अयोध्या का रहने वाला

मौके पर मौजूद एक डिलीवरी बॉय ने बताया कि मृतक का नाम अनिल है और उसकी उम्र 26 साल है। अनिल उत्तर प्रदेश के अयोध्या का रहने वाला है और यहां गुरुग्राम में किराए पर अकेला रह रहा था। वह दो साल से जेप्टो कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम कर रहा था।

 

डंपर ड्राइवर मौके से फरार

हादसे के बाद डंपर ड्राइवर नीचे उतरा और टायर के नीचे फंसे डिलीवरी बॉय को निकालने की बजाय मौके से फरार हो गया। कुछ ही मिनट में डिलीवरी बॉय ने तड़प-तड़प का दम तोड़ दिया। मौके से गुजर रहे दूसरे डिलीवरी बॉय ने जब हादसा देखा, तो उसने अपने साथियों को बुला लिया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।

एम्बुलेंस आने में देरी, भड़के राइडर्स

पुलिस को सूचना मिलने के बाद सबसे पहले फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची। उसके काफी देर बाद एंबुलेंस और पुलिस टीम पहुंची। जिससे डिलीवरी राइडरों का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने शव उठा रहे पुलिसकमियों को रोक दिया और हंगामा शुरू कर दिया।

पुलिस को शव उठाने से रोका

एंबुलेंस में आए एक व्यक्ति ने जब शव को डंपर के नीचे से निकालने का प्रयास किया, तो डिलीवरी राइडर्स ने उसे खदेड़ दिया और उसके साथ हाथापाई की। जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने अपने आला अधिकारियों के साथ राइडर्स को समझाया और तीन घंटे बाद शव को उठा पाए।

हाईवे पर जाम लगा

डिलीवरी राइडर्स के हंगाम के कारण एनएच-48 पर मानेसर की तरफ जाने वाली लाइन में वाहनों की लाइन लग गई है। सुबह ऑफिस टाइम होने के कारण लंबा जाम लगा है। पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है और वाहनों को सावधानीपूर्वक निकाला जा रहा है।

 

SHO बोले- शव पोस्टमॉर्टम को भेजा, आरोपी ड्राइवर की तलाश जारी

इस बारे में खेड़की दौला थाना एसएचओ कृष्ण कुमार ने बताया कि जैसे ही थाने में सूचना मिली थी तो पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर भेज दी गई थी। कुछ डिलीवरी राइडर हंगामा कर रहे थे, उन्हें समझा बुझा कर शांत करा दिया है। शव को मौके से उठाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। मृतक युवक के परिजनों को सूचना भिजवा दी है। पुलिस आरोपी डंपर ड्राइवर की तलाश कर रही है।