July 15, 2026
15 july 20
  • बोले- VIP को जाने देते हो किसान को क्यों नहीं

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : भारतीय किसान यूनियन के देश बचाओ मोर्चा के आह्वान पर आज बुधवार को यमुनानगर में किसानों ने मोटरसाइकिल यात्रा निकालकर केंद्र सरकार की प्रस्तावित भारत-अमेरिका फ्री ट्रेड डील के खिलाफ प्रदर्शन किया।

बड़ी संख्या में किसान मोटरसाइकिलों, ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों के साथ शहर से होते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। यात्रा के दौरान कई स्थानों पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही।

लघु सचिवालय में प्रवेश को लेकर पुलिस से बहस

लघु सचिवालय पहुंचने पर किसानों ने उपायुक्त प्रीति के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इससे पहले परिसर में ट्रैक्टर और बाइक ले जाने को लेकर किसानों और पुलिस के बीच कुछ देर तक बहस हुई। डीएसपी राजीव मिगलानी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए वाहनों को अंदर जाने से रोक दिया।

इस पर किसानों ने कहा कि जब इसी रास्ते से रोजाना वीआईपी वाहनों का प्रवेश होता है तो किसानों को क्यों रोका जा रहा है। कुछ देर की बहस के बाद पुलिस ने किसानों को ट्रैक्टरों के साथ परिसर में प्रवेश की अनुमति दे दी। इसके बाद किसानों ने नारेबाजी करते हुए प्रस्तावित ट्रेड डील को तत्काल रद्द करने की मांग उठाई।

फ्री ट्रेड डील से गंभीर खतरा पैदा होगा

भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान संजू ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे किसान कैल कचरा प्लांट के पास एकत्रित हुए थे, जहां से सैकड़ों मोटरसाइकिलों और ट्रैक्टरों के साथ यात्रा शुरू की गई। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों और जनहित से जुड़े मुद्दों को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया है।

संजू ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार (फ्री ट्रेड) समझौता देश के किसानों, खेत मजदूरों, पशुपालकों, छोटे व्यापारियों, लघु उद्योगों तथा देश की खाद्य और आर्थिक संप्रभुता के लिए गंभीर खतरा साबित होगा।

जनआंदोलन की दी चेतावनी

उनका कहना था कि यह समझौता भारतीय कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और करोड़ों लोगों की आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव डालेगा, इसलिए किसान इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि देश बचाओ मोर्चा इस प्रस्तावित ट्रेड डील का पुरजोर विरोध करता है और केंद्र सरकार से मांग करता है कि इस समझौते को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए।

संजू ने चेतावनी दी कि यदि सरकार किसानों की इस मांग की अनदेखी करती है तो देश बचाओ मोर्चा पूरे देश में लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी।