- गाड़ी में भरी थी सब्जियां
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : फरीदाबाद जिले के छांयसा के पास कुंडली-गाजियाबाद-पलवल एक्सप्रेसवे पर चलती कार की छत पर बैठकर सफर करना एक युवक को महंगा पड़ गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार मालिक का 14 हजार रुपए का पोस्ट चालान कर दिया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने वाली हरकतें बिल्कुल न करें।
जानकारी के अनुसार, करीब चार दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में एक सेंट्रो कार KGP एक्सप्रेसवे पर चलती हुई दिखाई दे रही है। कार में बड़ी मात्रा में सब्जियां भरी हुई थी। बताया जा रहा है कि कार में जगह नहीं बची थी, इसलिए एक युवक कार की छत पर बैठकर सफर कर रहा था।
उसी समय पीछे चल रहे एक अन्य वाहन ड्राइवर ने इसका वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया।
नियमों के उल्लंघन पर चालान
वीडियो ट्रैफिक पुलिस के संज्ञान में आने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। जांच में वाहन की पहचान होने पर पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न नियमों के उल्लंघन के तहत वाहन मालिक का 14 हजार रुपए का पोस्ट चालान किया। चालान में यातायात नियमों की कई धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
छत पर सफर करना खतरनाक
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि चलती कार की छत पर बैठकर सफर करना बेहद खतरनाक होता है। थोड़ी सी लापरवाही या अचानक ब्रेक लगने पर बड़ा हादसा हो सकता है। इससे वाहन में बैठे व्यक्ति के साथ-साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
ट्रैफिक पुलिस कर रही जागरूक
यशपाल सिंह ने कहा कि वाहन मालिक के खिलाफ पुलिस आदेश की अवहेलना, वाहन के बाहर व्यक्ति को बैठाकर ले जाने, सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं होने और वाहन के आवश्यक दस्तावेज साथ नहीं रखने सहित कई नियमों के उल्लंघन में कार्रवाई की गई है।
ट्रैफिक पुलिस लगातार लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग के लिए जागरूक कर रही है। इसके बावजूद यदि कोई नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाती है।
ऑटो का स्टंट भी आया सामने
उन्होंने बताया कि दो दिन पहले प्याली चौक के पास एक ऑटो ड्राइवर का स्टंट करते हुए वीडियो भी सामने आया है। उसकी पहचान की जा रही है और उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि स्टंटबाजी या लापरवाही से वाहन चलाने से बचें और हमेशा यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क हादसों पर रोक लगाई जा सके।