July 15, 2026
15 july 6
  • चार्जिंग सॉकेट और हैंडग्रिपर की सुविधा,एक बार में 2600 यात्री सफर कर सकते हैं

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। ट्रायल और मेंटेनेंस आदि की पूरी प्रक्रिया होने के बाद मंगलवार शाम को शकूरबस्ती से ट्रेन जींद रेलवे स्टेशन पर पहुंची। अब दो दिन तक ट्रेन की वाशिंग और डेकोरेशन का काम चलेगा। ट्रेन को भव्य तरीके से सजाया जाएगा। शकूरबस्ती से पहुंची अधिकारियों की टीम की देखरेख में यह कार्य कराया जाएगा।

ट्रेन को लेकर 6 लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और दो गार्डों को चेन्नई व गुजरात में स्पेशल ट्रेनिंग दिलाई गई है। नॉन एसी ट्रेन में लग्जरी सीटें, पंखों, सीटों के अलावा खड़े होकर सफर करने वाले यात्रियों के लिए हैंडग्रीपर लगाए गए हैं। ट्रेन में चार्जिंग के लिए जगह-जगह सॉकेट लगाए गए हैं। एक बार में ट्रेन में 2600 यात्री सफर कर सकते हैं।

89 किलोमीटर का सफर यह ट्रेन करीब दो घंटे में पूरा करेगी। जींद और सोनीपत समेत 14 स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव होगा। हफ्ते में यह छह दिन चलेगी। रविवार को इसका मेंटेंस किया जाएगा।

काफिले के रूट पर सौंदर्यीकरण काम काम

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार,‎ पीएम ‎का हेलिकॉप्टर पुलिस लाइन में बने हेलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद वह सड़क मार्ग के रास्ते गोहाना रोड, रानी तालाब, एसडी‎ स्कूल, पुरानी सब्जी मंडी मोड़ और‎ पटियाला चौक होते हुए रेलवे स्टेशन‎ तक पहुंचेंगे। इस रूट पर सौंदर्यीकरण‎ का काम तेजी से चल रहा है।‎ गोहाना रोड पर बिजली के तारों व ‎केबलों को बदला जा रहा है।‎

गड्‌ढे भरे जा रहे, दीवारों पर पेंट हो रहा

चिह्नित किए गए मुख्य मार्ग पर सफाई,‎ पेंट और मरम्मत का विशेष अभियान चलाया जा‎ रहा है। सड़कों के गड्ढों को भरा जा रहा है,‎ डिवाइडरों और फुटपाथों को नए रंग-रोगन से ‎चमकाया जा रहा है। इसके अलावा, रूट के ‎आस-पास की दीवारों पर पेंटिंग और सफाई ‎व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है ताकि शहर ‎बेहद स्वच्छ और सुंदर नजर आए। प्रशासन की कई ‎टीमें दिन-रात इस कार्य को पूरा करने में जुटी हैं।

रोहतक PGI के‎ विशेषज्ञों की जींद में ड्यूटी‎

प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सिविल सर्जन डॉ. सुमन कोहली की अध्यक्षता में जिला कोर कमेटी के सदस्यों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। डॉ. कोहली ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने PGIMS रोहतक सहित अन्य जिलों से हृदय रोग विशेषज्ञ, न्यूरोलॉजिस्ट, रेडियोलॉजिस्ट समेत विशेषज्ञ डॉक्टरों और प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई है।

इसके अलावा 15 एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) और 7 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) एम्बुलेंसों को अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों के साथ तैनात किया गया है। सभी डॉक्टरों और पैरामेडिकल कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।

1,200 हॉर्सपावर, एक बार में 2,638 यात्री सफर कर सकेंगे

हाइड्रोजन ट्रेन में 1,200 किलोवाट क्षमता का आधुनिक हाइड्रोजन फ्यूल सेल सिस्टम लगाया गया है। इसमें एक बार में 2,638 यात्री सफर कर सकेंगे। ट्रेन 110 से 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है, जिससे कम दूरी का सफर तेज और आसान होगा।

रोज जींद से सोनीपत के बीच चलेगी ट्रेन

ट्रेन नंबर 74010 रोज सुबह 7:40 बजे जींद से रवाना होकर 9:40 बजे सोनीपत पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 74009 सुबह 10:40 बजे सोनीपत से चलेगी और दोपहर 1 बजे जींद पहुंचेगी। रास्ते में ट्रेन जींद सिटी, पांडू पिंडारा, ललित खेड़ा, भामेवा, ईशापुर खेड़ी, बुताना, खांडराई, गोहाना, रभड़ा, लाठ, मोहाना हरियाणा और बड़वासनी स्टेशनों पर रुकेगी।

‘हाइड्रोजन फॉर हेरिटेज’ योजना के तहत चलेंगी 35 ट्रेनें

भारत सरकार ने 2070 तक नेट-जीरो कार्बन उत्सर्जन का लक्ष्य रखा है। इसी के तहत रेलवे देश के अलग-अलग हेरिटेज और पहाड़ी रूटों पर 35 हाइड्रोजन ट्रेनें चलाने की तैयारी कर रहा है। एक ट्रेन बनाने में करीब 80 करोड़ रुपए खर्च होंगे, जबकि हर रूट पर जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने के लिए करीब 70 करोड़ रुपए अलग से खर्च किए जाएंगे।