July 15, 2026
15 july 5
  • 15 पेयजल कनेक्शन असुरक्षित मिले

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : कैथल जिले के गांव सजूमा में दूषित पेयजल के कारण हो फैली बीमारी हेपेटाइटिस ए, उल्टी और दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। शुरुआती दिनों में जहां 19 बच्चे बीमारियों से पीड़ित पाए गए थे, अब उनकी संख्या बढ़कर 41 हो गई है। अब गांव में हेपेटाइटिस-ए के 32 मामलों और टाइफाइड के 9 मामलों की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने गांव में डेरा जमाया हुआ है।

टीमें लगातार गांव में रहकर सैंपल ले रही

विभाग की टीमें लगातार गांव में रहकर सैंपल ले रही हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में 24 घंटे स्वास्थ्य विभाग की टीमों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए अब एम्बुलेंस को चौबीसों घंटे के लिए तैनात कर दिया गया है। हालांकि अभी कोई मरीज गंभीर हालात में नहीं है, लेकिन किसी भी मरीज को तुरंत उच्च स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने के लिए टीमों को अलर्ट किया गया है।

कैंप लगाकर टेस्ट और इलाज किए जा रहा है। डॉक्टरों व स्टाफ द्वारा हेपेटाइटिस-ए और ई, स्क्रब टाइफस, लेप्टोस्पायरोसिस, टाइफाइड, लिवर फंक्शन टेस्ट जैसे बिलीरुबिन, एसजीओटी और एसजीपीटी के महत्वपूर्ण टेस्ट किए जा रहे हैं।

 

ORS और क्लोरीन की गोलियों दी जा रही

सिविल सर्जन डॉक्टर रेनू चावला ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग सजूमा गांव में दवाओं, ओआरएस के पैकेट और क्लोरीन की गोलियों का वितरण कर रहा है ताकि पानी को स्वच्छ बनाकर बीमारियों को फैलने से रोका जा सके। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे पानी उबालकर पीएं और यदि किसी को भी उल्टी, दस्त या बुखार के लक्षण दिखें, तो तुरंत गांव में तैनात स्वास्थ्य टीम से संपर्क करें।

15 जगह मिल चुकी लीकेज

दूसरी ओर जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से गांव में कनेक्शनों की जांच की जा रही है। गांव में 1200 के करीब पेयजल कनेक्शन हैं। इनमें से 15 कनेक्शनों में अब तक लीकेज की समस्या सामने आई है, जिन्हें कर्मचारियों ने ठीक कर दिया है। जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ जगदीप सिंह ने बताया कि घर-घर सर्वे किया जा रहा है।

पेयजल को चैक किया जा रहा है और पानी के सैंपल भी लिए गए। उन्होंने कहा कि पेयजल के असुरक्षित पेयजल कनेक्शन पाए गए हैं, उनको विभाग द्वारा ठीक करवाया जा रहा है।