July 3, 2026
3 july 18
  • अमृत-2 योजना से जोड़ने की मांग

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हांसी के गांव चैनत में ग्रामीणों का धरना शुक्रवार को 49वें दिन भी जारी रहा। ग्रामीण भाखड़ा पाइपलाइन से टी-कनेक्शन की मांग कर रहे हैं। आंदोलन को समर्थन देते हुए किसान संगठनों और खाप प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त डॉ. राहुल नरवाल को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में गांव को 36 इंच की मुख्य पेयजल पाइपलाइन से 6 इंच का कनेक्शन देने और अमृत-2 योजना से जोड़ने की मांग की गई है। ज्ञापन देने वालों में किसान नेता दशरथ मलिक, विकास सीसर और मांगेराम मलिक सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण शामिल थे।

किसान नेता बोले- लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहा चैनत गांव

किसान नेताओं ने बताया कि चैनत गांव लंबे समय से पेयजल संकट का सामना कर रहा है, जिस कारण ग्रामीण पिछले 49 दिनों से शांतिपूर्ण ढंग से धरना दे रहे हैं। उनका तर्क है कि हांसी के लिए बिछाई जा रही 36 इंच की पाइपलाइन गांव की जमीन से गुजर रही है, इसलिए इसी लाइन से 6 इंच का टी-कनेक्शन देकर गांव को अमृत-2 योजना का लाभ मिलना चाहिए।

किसानों ने दावा किया कि इस कनेक्शन से हांसी की जलापूर्ति प्रभावित नहीं होगी, बल्कि सरकार के करीब तीन करोड़ रुपए की बचत होगी। उन्होंने अमृत-2 योजना के प्रावधानों का हवाला देते हुए कहा कि मार्ग में पड़ने वाले गांवों को भी इस योजना का लाभ दिया जा सकता है।

प्रदेश के सभी जिलों में डीसी को सौंपे जा रहे ज्ञापन

किसान नेताओं ने यह भी जानकारी दी कि आज हरियाणा के 23 जिलों में उपायुक्तों को इसी संबंध में ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। ज्ञापन के बाद किसान नेताओं ने कहा कि पाइपलाइन का रूट बदलने की अफवाहें फैलाकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि रूट बदलने का प्रयास हुआ तो संबंधित क्षेत्रों के ग्रामीण भी इसका विरोध करेंगे।

किसान नेता विकास सीसर ने कहा कि यह ग्रामीणों की मुख्यमंत्री से अंतिम अपील है और सरकार को जल्द से जल्द उनकी वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का समाधान करना चाहिए।