July 2, 2026
2 july 2
  • 7 जुलाई तक अलर्ट, 10°C तक गिरा तापमान 

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मानसूनी बारिश शुरू हो गई है। गुरुवार सुबह हिसार, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत, करनाल, गुरुग्राम और फतेहाबाद में बारिश हुई। अहीरवाल बेल्ट में भी बीती रात से सुबह तक बारिश हुई। इसके साथ ही दिल्ली-चंडीगढ़ बेल्ट के पानीपत- सोनीपत में भी सुबह करीब 8 बजे तक जमकर बारिश हुई। महेंद्रगढ़, फतेहाबाद में युवा सड़कों पर बारिश इंजॉय करते भी दिखे। महेंद्रगढ़ में बारिश के बीच ही युवा सिर पर चादर ओढ़कर घूमते दिखे। वहीं कुछ जगह सड़कों पर बारिश का पानी भी भर गया।

इन जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर और पूर्वी हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल और कुरुक्षेत्र के क्षेत्रों के अधिकांश स्थानों पर 75-100% तक बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा रोहतक, झज्जर, सोनीपत, पानीपत, गुरुग्राम और फरीदाबाद के अनेक स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश होने की उम्मीद है। वहीं सिरसा, फतेहाबाद और हिसार में बादलवाई व छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग ने भारी बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम को चेताया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों में मानसून प्रदेश में पूरी तरह से एंट्री लेगा। 7 जुलाई तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आज अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पंचकूला और चंडीगढ़ के आस-पास के इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश चेतावनी जारी की गई है।

अधिकतम तापमान में गिरावट
हरियाणा में मानसून एक्टिव होने और बादलों की आवाजाही के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पिछले दिनों 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका पारा सोमवार को लुढ़क कर 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच सिमट गया।

न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब

दिनभर छाए बादलों और ठंडी हवाओं के असर से हरियाणा में बीती रात के न्यूनतम तापमान में भी गिरावट देखी गई। राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य के बेहद करीब है। इसके अलावा दक्षिण और पश्चिमी हरियाणा के हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, रोहतक, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।