- खेलते हुए ऊपर गिरे, एक बच्ची घायल, धागा गोदाम में मां साथ गई थीं
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के पानीपत में एक धागा गोदाम में गुरुवार सुबह दो बच्चियों की धागे के भारी-भरकम बंडल के नीचे दबने से मौत हो गई। तीन बच्चियां अपने मां-बाप के साथ गोदाम में आई थीं। वो बंडलों के पास ही खेल रही थीं तभी 500 किलो के 2 बंडल का बैलेंस बिगड़ा और उनके ऊपर गिर गए।
मां के साथ गौदाम में आई थीं
जानकारी के अनुसार, भैंसवाल रोड पर स्थित खड़ंजा रोड के पास श्री लक्ष्मी फैक्ट्री में हादसा हुआ। फैक्ट्री के गोदाम में रोजाना की तरह मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान पेरेंट्स के साथ गोदाम में आईं तीन बच्चियां खेल रही थीं जो हादसे का शिकार हो गईं।
500 किलो के बंडल ऊपर गिरे
मृतक बच्चियों की पहचान साढ़े 4 वर्षीय प्रज्ञा और ढाई वर्षीय सोनम के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल तीसरी बच्ची की पहचान रोशनी (5) के रूप में हुई। तीनों बच्चियां जब आपस में खेल रही थीं, तभी ऊपर सटाकर रखी गईं 500 किलोग्राम की धागे की दो बड़ी गांठें (बंडल) अचानक उनके ऊपर भरभरा कर गिर गईं और तीनों उसके नीचे दब गईं।
चीख-पुकार सुन दौड़े लोग
हादसा होते ही गोदाम में चीख-पुकार मच गई। वहां काम कर रहे परिजनों और अन्य मजदूरों ने आनन-फानन में भारी गांठों को हटाकर तीनों बच्चियों को बाहर निकाला और तुरंत पानीपत के सिविल अस्पताल लेकर दौड़े। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने प्रज्ञा और सोनम को मृत घोषित कर दिया।
दम घुटने से मौत
डॉक्टरों के मुताबिक, भारी वजन के नीचे दबने से बच्चियों का दम घुट गया था। वहीं, तीसरी बच्ची रोशनी (5 वर्ष) की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कर लिया, जहां उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। इस हादसे के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
घर खाली था, इसलिए बच्चियों को साथ लाई
प्रज्ञा की मां मूर्ति ने बताया कि उन्होंने इसी साल अपनी बेटी का नर्सरी में एडमिशन करवाया था। घर में कोई नहीं था, इसी कारण वो बेटी को अपने साथ गोदाम ले आई थीं।
हादसे में दो बच्चियों की दम घुटने और चोट लगने के कारण मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्ची गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृत बच्चियों के माता-पिता इसी गोदाम में मजदूरी का काम करते हैं।