June 25, 2026
25 june 9
  • बिल पास करवाने के नाम पर मांगे साढ़े 16 हजार, XEN भी फंसा

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हिसार स्टेट विजिलेंस ब्यूरो ने हांसी में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को टीम ने नगर परिषद के एक कच्चे कर्मचारी को 16,500 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर नगर परिषद नारनौंद के एक ठेकेदार का 11 लाख रुपए का बिल पास करवाने के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप है।

इस मामले में नगर परिषद हांसी के EXN विक्की कुमार को भी नामजद आरोपी बनाया गया है। विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने निरीक्षक महेंद्र सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की। रवि कुमार निवासी आर्य नगर, हांसी को भाई जी होटल के सामने से रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। रवि नगर परिषद हांसी में कच्चे कर्मचारी के तौर पर कार्यरत है और पार्कों के रखरखाव का कार्य भी देखता था।

ठेकेदार ने दी थी शिकायत

शिकायतकर्ता कुलदीप भुक्कल, जो नगर परिषद नारनौंद में ठेकेदारी का काम करते हैं, ने विजिलेंस को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनके मृत मौसेरे भाई का करीब 11 लाख रुपये का बिल नगर परिषद में लंबित था।कुलदीप के अनुसार, संबंधित फाइल पर सभी अधिकारियों के हस्ताक्षर हो चुके थे, लेकिन EXN विक्की कुमार, जिनके पास नगर परिषद हांसी का अतिरिक्त कार्यभार भी है, फाइल पर हस्ताक्षर नहीं कर रहे थे।

आरोप है कि EXN ने कुलदीप से रवि कुमार से मिलने और सामान देने को कहा, तभी बिल पास होने की बात कही गई।

विजिलेंस ने रंगे हाथ पकड़ लिया

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने शिकायत का सत्यापन किया और एक योजनाबद्ध ट्रैप लगाया। बुधवार को जैसे ही रवि कुमार ने शिकायतकर्ता से 16,500 रुपए की रिश्वत ली, पहले से तैनात विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ दबोच लिया। रिश्वत की राशि भी मौके से बरामद कर ली गई।

विजिलेंस के जांच अधिकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी रवि कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि नगर परिषद हांसी के EXN विक्की कुमार इस मामले में नामजद आरोपी हैं और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।