- बस स्टैंड से रोज 8 फेरे लगाएगी, गर्मी से लोगों को मिलेगी राहत
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा रोडवेज आज गुरुवार से हिसार बस स्टैंड से अग्रोहा मेडिकल तक एसी इलेक्ट्रिक बसें शुरू करने जा रहा है। इससे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और प्रसिद्ध अग्रोहा धाम के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा।
फिलहाल इस रूट पर कुल चार फेरे लगाए जाएंगे। ये बसें दिन में चार बार हिसार से अग्रोहा मेडिकल जाएंगी और चार बार वापस हिसार लौटेंगी। यानी कुल मिलाकर रूट पर रोजाना आठ फेरे पूरे किए जाएंगे।
हिसार रोडवेज के महाप्रबंधक राहुल मित्तल ने बताया कि अग्रोहा मेडिकल तक ई-बसें चलाने के लिए विभाग द्वारा पूरी तैयारी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यदि इस रूट पर यात्रियों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला, तो भविष्य में फेरों की संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जा सकता है।
कब और कितने बजे चलेगी बस
हिसार बस स्टैंड से अग्रोहा रूट के लिए बसों का समय तय कर दिया गया है। हिसार बस स्टैंड से अग्रोहा के लिए सुबह पहली बस 6:30 बजे, फिर 8:30 बजे, दोपहर में 12:30 बजे और दोपहर बाद 2:30 बजे चलेगी। अग्रोहा मेडिकल से हिसार बस स्टैंड के लिए सुबह 7:30 बजे, 9:30 बजे, दोपहर में 1:30 बजे और शाम को 3:30 बजे ई-बस रवाना होगी।
ई-बसों में नहीं मिलेगी पास और रियायत की सुविधा
सरकारी पास इन बसों में नहीं चलेंगे
हरियाणा रोडवेज के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि हिसार-अग्रोहा मेडिकल रूट पर शुरू की जा रही इन इलेक्ट्रिक बसों में सरकार द्वारा जारी विभिन्न प्रकार के यात्रा पास मान्य नहीं होंगे। इनमें वरिष्ठ नागरिक (सीनियर सिटीजन) पास, हैप्पी कार्ड, एनसीएमसी कार्ड, छात्र पास (स्टूडेंट पास) और दिव्यांग पास सहित अन्य श्रेणियों के पास शामिल हैं।
1 से 5 वर्ष तक के बच्चों का आधा किराया लगेगा
इसके अलावा, हरियाणा रोडवेज तथा अन्य विभागों के कर्मचारियों को मिलने वाली किराया रियायत भी इन बसों में लागू नहीं होगी। ई-बसों में यात्रा करने के लिए सभी को निर्धारित किराया देना होगा। बस सेवा में किसी भी श्रेणी के यात्रियों को विशेष किराया छूट नहीं मिलेगी।
हालांकि, 1 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का आधा किराया लगेगा, जबकि 5 वर्ष से अधिक आयु के यात्रियों को पूरा टिकट लेना होगा।
हिसार को 5 और एसी इलेक्ट्रिक बसें मिली
रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि विभाग को पांच और नई ई-बसें मिलने के बाद उनका संचालन अन्य नए रूटों पर शुरू किया जाएगा। योजना के तहत आगामी दिनों में हिसार बस स्टैंड से कैंट, हिसार बस स्टैंड से कैमरी तथा हिसार बस स्टैंड से रायपुर रूट पर भी ई-बसें चलाई जाएगी। इन नए रूटों पर पहले भी ट्रायल किया जा चुका है और यात्रियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी।
नई बसें उपलब्ध होते ही इन रूट्स पर दोबारा ट्रायल रन कराया जाएगा, जिसके बाद नियमित संचालन शुरू किया जाएगा। इसके लिए विभाग ने अपनी प्रारंभिक तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। उधर, एक अन्य बदलाव के तहत हिसार बस स्टैंड से गंगवा तक जाने वाली बसें अब केवल आजाद नगर तक ही संचालित की जाएंगी।