- 24 जून तक बदलता रहेगा मौसम, 2-3 डिग्री गिरेगा तापमान
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। जिसके चलते जून माह में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। सोमवार की सुबह हिसार तथा नारनौल में बूंदाबांदी हुई। वहीं कुरुक्षेत्र समेत प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने प्रदेश में 24 जून तक अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
सात जिलों के लिए अलर्ट
मौसम विभाग ने आज 7 जिलों महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में गरज-चमक, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया हुआ है। जिसके चलते हिसार व नारनौल में सुबह बारिश भी हुई।
2 से 3 डिग्री तापमान की गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इसके बाद अगले 3 दिनों में तापमान फिर 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। फिलहाल प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन बारिश और तेज हवाओं के असर से गर्मी से कुछ राहत मिलने के आसार हैं।
रोहतक सबसे गर्म, 42.1 डिग्री दर्ज
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को हरियाणा में रोहतक सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबाला में 40.6 डिग्री, हिसार में 40.4 डिग्री और सिरसा में 40.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कई अन्य जिलों की तुलना में कम रहा।
पेड़ों-खंभों के नीचे न खड़े होने की सलाह
22 जून को महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है।
कई जिलों में बना रहेगा असर
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून पूर्व गतिविधियों के चलते प्रदेश के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में बादल छाने, बूंदाबांदी और तेज हवाओं का असर कई जिलों में बना रह सकता है।