June 22, 2026
22 june 8

कैडेटों को सैन्य प्रशिक्षण के अंतर्गत .22 रायफल की फायरिंग पोजीशन, होल्डिंग एवं ऐमिंग की दी जानकारी

 हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : 7 हरियाणा एनसीसी बटालियन, करनाल द्वारा  मलकपुर घरौंडा में संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर पर कैडेटों को राष्ट्रीय चेतना, सैन्य दक्षता एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित विविध गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया गया। दिनभर आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य कैडेटों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रीय एकता तथा सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। प्रातःकालीन सत्र में कैडेटों को रायफल के साथ सावधान, विश्राम एवं आराम से की ड्रिल का अभ्यास कराया गया, जिससे उनमें अनुशासन एवं एकरूपता का विकास हो सके। इसके उपरांत विभिन्न समूहों के कैडेटों को सैन्य प्रशिक्षण के अंतर्गत .22 रायफल की फायरिंग पोजीशन, होल्डिंग एवं ऐमिंग की विस्तृत जानकारी दी गई तथा फायरिंग के मूलभूत सिद्धांतों से अवगत कराया गया।

फील्ड क्राफ्ट एवं बैटल क्राफ्ट के अंतर्गत सेक्शन फॉर्मेशन का अभ्यास भी कराया गया

इसके साथ ही फील्ड क्राफ्ट एवं बैटल क्राफ्ट के अंतर्गत सेक्शन फॉर्मेशन का अभ्यास भी कराया गया। कैडेटों को मानचित्र अध्ययन (मैप रीडिंग) के अंतर्गत मानचित्र सेट करना तथा अपनी स्थिति का निर्धारण करना सिखाया गया, जिससे उनमें दिशा ज्ञान एवं सामरिक समझ विकसित हो सके। व्यक्तित्व विकास एवं राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय एकता एवं जागरूकता विषय पर व्याख्यान आयोजित किए गए। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय सुरक्षा के समक्ष चुनौतियाँ विषय पर भी कैडेटों को जानकारी प्रदान की गई। जिससे उनमें राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति उत्तरदायित्व एवं सजगता का भाव उत्पन्न हो। सायंकालीन सत्र में कैडेटों के शारीरिक एवं मानसिक विकास हेतु खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया।

सेवा भावना को विकसित करने का प्रभावी माध्यम है
कमांडिंग ऑफिसर एवं कैंप कमांडेंट कर्नल एसएस नेगी ने बताया कि एनसीसी प्रशिक्षण युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रीय एकता तथा सेवा भावना को विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। सहायक एडजुटेंट एवं एनसीसी अधिकारी डॉ. देवी भूषण शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रीय सुरक्षा, मानचित्र अध्ययन तथा सैन्य प्रशिक्षण जैसी गतिविधियाँ कैडेटों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
शिविर कर्नल एसएस. नेगी के कुशल मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में संचालित किया जा रहा है। इस अवसर पर स्कूल के चेयरमैन सतपाल सिंह, सूबेदार मेजर बलराज सिंह, कैंप एडजुटेंट मेजर राजेश तुरान, कैप्टन रणबीर सिंह, लेफ्टिनेंट डॉ. देवी भूषण शर्मा, सूबेदार रघुबीर सिंह, सूबेदार रोहताश, ,सूबेदार राजिंदर,नायब सूबेदार संदीप कुमार, सीएचएम मोहम्मद इमरान डार, सीएचएम रवि राजेती, हवलदार संदीप कुमार, हवलदार मंदीप सिंह, केयर टेकर डॉ. वंदना, जीसीआई आस्था, कार्यालय स्टाफ शशि, कुलदीप कुमार एवं अजय कुमार, अंडर ऑफिसर आरती तथा कैडेट गुरजीवन उपस्थित रहे।