- ऋषिकेश में नंगा कर पीटा था
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : उत्तराखंड में हरियाणवी पर्यटक का एक और विवाद सामने आया है। यमुनानगर के एक युवक की खच्चरवाले के साथ मारपीट हुई। आरोप है कि युवक ने हाथ में पहने स्टील के कड़े के साथ खच्चरवाले का सिर फोड़ दिया। यह विवाद प्रसिद्ध तृतीय केदार तुंगनाथ धाम यात्रा मार्ग पर हुआ।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने युवक को घेर लिया। उसे जमीन पर बैठाकर वीडियो बनाई और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि दो दिन पहले भी हरियाणवियों ने स्थानीय लोगों के साथ झगड़ा किया और मारने की कोशिश की।
वीडियो में उत्तराखंड के लोग कह रहे हैं कि हरियाणा के ऐसे लोगों को उत्तराखंड में आने से रोका जाए। इससे पहले कैथल के दो टूरिस्टों को ऋषिकेश में नंगाकर पीटने की वीडियो सामने आई थी। जिसके बाद सोशल मीडिया पर बॉयकॉट उत्तराखंड की कैंपेन शुरू हुई थी।
युवक जमीन पर सिर झुकाए बैठा
जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें एक युवक जमीन पर सिर झुकाए बैठा है। उसके आसपास भीड़ जुटी है। एक व्यक्ति हाथ में लिया स्टील का कड़ा दिखाते हुए बता रहा है कि इस युवक ने ये कड़ा मारकर खच्चर हांकने वाला का सिर फोड़ दिया। वह व्यक्ति पास ही जमीन पर पड़ा खून भी दिखाता है।
इस दौरान वह युवक से नाम पूछता है। युवक अपना नाम राघव बताया है। फिर पिता का नाम और शहर का नाम पूछते हैं। युवक खुद को यमुनानगर का बताता है।
भीड़ आक्रोशित दिखी, पुलिस के हवाले किया
वीडियो में बताया गया कि घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना है। स्थानीय लोगों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया। स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया। स्थानीय पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने ले जाकर पूछताछ की।
आरोप-मामूली कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि यह घटना शनिवार (6 जून) की है। तुंगनाथ यात्रा मार्ग पर एक घोड़ा-खच्चर हांकने वाला व्यक्ति और उसके साथ आए एक यात्री के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी दौरान यमुनानगर से पहुंचा 19 वर्षीय राघव भी विवाद में शामिल हो गया। आरोप है कि बीच-बचाव करने के बजाय उसने घोड़ा चलाने वाले व्यक्ति के साथ मारपीट शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी युवक ने अपने हाथ में पहने कड़े से घोड़ा-खच्चर चलाने वाले व्यक्ति के सिर पर वार कर दिया। उसके सिर से खून बहने लगा। घायल व्यक्ति के सिर पर पट्टियां बंधी हुई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ा
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी युवक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। ऊखीमठ पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। वायरल वीडियो में आरोपी युवक स्थानीय लोगों की भीड़ के बीच बैठा दिखाई दे रहा है, जहां उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
मामले को लेकर चोपता और तुंगनाथ क्षेत्र के लोगों में रोष व्याप्त है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि देवभूमि उत्तराखंड धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक मूल्यों और अतिथि सत्कार की परंपरा के लिए पूरे प्रसिद्ध है। यहां पर इस प्रकार की हिंसक घटनाएं किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकतीं।
आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
वीडियो में सामाजिक कार्यकर्ता राजेश नेगी ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि चारधाम एवं अन्य धार्मिक यात्राओं के दौरान किसी भी प्रकार की हिंसा, अभद्र व्यवहार अथवा कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आरोपी युवक के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाएं न केवल स्थानीय लोगों की भावनाओं को आहत करती हैं, बल्कि उत्तराखंड की छवि और धार्मिक स्थलों की गरिमा को भी प्रभावित करती हैं।
पुलिस मामले की कर रही जांच
कोतवाली प्रभारी मनोज नेगी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट की घटना हुई है, जिसमें घोड़ा-खच्चर संचालक को चोट आई है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने भी कहा है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे।