- बोले-जमीन लेने में 5 लाख का करेंगे सहयोग
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : लुधियाना में आज रविवार हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहुंचे हैं। सीएम सैनी ने अमरपुरा चौक स्थित पेट्रोल पंप के नजदीक आयोजित श्री गुरु अमरदास जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में लगाए गए 9वें महान कीर्तन दरबार में हाजिरी लगाई और गुरु चरणों में माथा टेका।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री सैनी ने संगत के साथ गुरबाणी का श्रवण किया और समाज की खुशहाली, शांति एवं तरक्की की कामना की।
सेवा सोसायटी ने किया सम्मानित
कीर्तन दरबार में पहुंचने पर गुरु अमरदास सेवा सोसायटी के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वागत किया। इस मौके पर उन्हें सिरोपा और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
गुरु साहिब की शिक्षाएं मानवता के लिए प्रेरणादायक
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु अमरदास जी की शिक्षाएं मानवता, सेवा और समानता का संदेश देती हैं। गुरु साहिब द्वारा दिखाया गया मार्ग आज भी समाज को एकजुट रखने और मानव कल्याण के लिए प्रेरित करता है। गुरुद्वारा साहिब के नजदीक जो जमीन लेने की योजना गुरदीप सिंह व अन्य बना रहे है उसमें 5 लाख रुपए सहयोग राशि देंगे।
हरियाणा के मुख्यमंत्री पंजाब में काफी एक्टिव
नायब सिंह सैनी का जन्म 25 जनवरी 1970 को हरियाणा के अंबाला जिले के मिर्जापुर माजरा गांव में हुआ था। उन्होंने कानून की पढ़ाई की और शुरुआती दौर से ही सामाजिक तथा राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे। भाजपा में संगठनात्मक स्तर पर लंबे समय तक काम करने के बाद उन्होंने पार्टी में अपनी अलग पहचान बनाई। वह पिछले कुछ समय से पंजाब में काफी एक्टिव है।
सैनी ने भाजपा संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 2019 में वह हरियाणा की कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से सांसद चुने गए। इसके बाद केंद्र सरकार में राज्य मंत्री के रूप में भी उन्होंने जिम्मेदारी संभाली।
मार्च 2024 में पहली बार बने हरियाणा सीएम
मार्च 2024 में भाजपा नेतृत्व ने उन्हें हरियाणा की कमान सौंपी और उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वह पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय से आने वाले प्रमुख नेताओं में गिने जाते हैं और संगठन में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।