- सरकार का पुतला फूंकेंगे, आंख-मुंह पर बांधेंगे काली पट्टी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : कुरुक्षेत्र जिले में गेहूं के सरकारी स्टॉक पर पानी की बौछारें छोड़ने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में सस्पेंड किए गए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर अंकुर जांगड़ा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अब शहीद भगत सिंह किसान यूनियन उनके खिलाफ FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए हैं।
इसी मांग को लेकर शहीद भगत सिंह किसान यूनियन आज BR इंटरनेशनल चौक पर प्रदर्शन करेंगे। यूनियन से जुड़े किसान सरकार का पुतला बनाकर रोष मार्च करते हुए अनाज मंडी से आएंगे। पुतले की आंख और मुंह पर काली पट्टी बांधकर चौक तक लाया जाएगा। यहां चौक पर सरकार का पुतला फूंका जाएगा।
सस्पेंड करना पर्याप्त कार्रवाई नहीं- आलमपुर
यूनियन के महासचिव संजीव आलमपुर ने कहा कि सिर्फ सस्पेंड करना पर्याप्त कार्रवाई नहीं है। सरकारी गेहूं को नुकसान पहुंचाने और सरकारी संपत्ति के साथ लापरवाही बरतने के मामले में अंकुर जांगड़ा के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज होना चाहिए। अगर कोई आम व्यक्ति इस तरह लापरवाही करता तो उसके खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज कर लिया जाना था।
सीएम से कार्रवाई की मांग
मामले को लेकर सरकार और प्रशासन आंखे मूंदकर बैठे हैं। इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री से भी मिलेंगे। उनकी मांग है कि आरोपी इंस्पेक्टर के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज कर गिरफ्तार किया जाए। वे मुख्यमंत्री से मिलकर पूरे मामले की जानकारी देंगे और कड़ी कार्रवाई की मांग रखेंगे। प्रशासन सिर्फ सस्पेंड की कार्रवाई कर लीपापोती करना चाहता है।
सरकार को नहीं दिख रहा भ्रष्टाचार
आरोप लगाया कि सरकार को विभाग में हो रहे भ्रष्टाचार और लापरवाही दिखाई नहीं दे रही। इसलिए यह आंख और मुंह पर काली पट्टी बांधकर विरोध किया जाएगा। यूनियन ने 5 जून को बड़े प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। साफ कहा था कि यदि मामले में शामिल कर्मचारी और अधिकारी पर कार्रवाई होनी चाहिए।
जांच रिपोर्ट में सामने आई लापरवाही
पिछले महीने गेहूं के स्टॉक पर पानी के छिड़काव का मामला सामने आया था। मामले सामने आने के बाद 22 मई को DC विश्राम कुमार मीणा ने जांच के आदेश दिए थे। मामले की जांच के लिए शाहाबाद के एसडीएम शंभू राठी की अध्यक्षता में कमेटी बनाई गई थी। कमेटी को 3 दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए थे।
इंस्पेक्टर की लापरवाही आई
जांच रिपोर्ट में फूड सप्लाई इंस्पेक्टर अंकुर जांगड़ा की लापरवाही सामने आई। इस रिपोर्ट को विभाग को भेजा गया। रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने एक्शन लेते हुए इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया था। साथ ही सस्पेंशन अवधि के दौरान अंकुर जांगड़ा का मुख्यालय जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कार्यालय, सिरसा रहेगा। उनको बगैर इजाजत मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।