May 25, 2026
25 may 13 (2)

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के विभिन्न कॉलेजों में बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए और बीसीए सहित स्नातक कक्षाओं में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय, झज्जर के मीडिया प्रभारी डॉ. अमित भारद्वाज ने बताया कि आवेदन करने के लिए अब केवल 7 दिन शेष हैं। विद्यार्थी उच्चतर शिक्षा विभाग के एडमिशन पोर्टल admissions.highereduhry.ac.in पर 31 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

डॉ. भारद्वाज ने छात्रों को अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द आवेदन करने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि अंतिम समय में आवेदकों की संख्या अधिक होने से वेबसाइट पर अत्यधिक ट्रैफिक हो सकता है, जिससे सर्वर धीमा होने या आवेदन अधूरा रह जाने की आशंका रहती है।

आवेदन करते समय स्कैन किए गए दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर जैसे विवरणों की आवश्यकता होती है। अंतिम समय में आवेदन करने पर दस्तावेजों की अनुपलब्धता या उन्हें अपडेट करने में समस्या आ सकती है। जल्दी आवेदन करने से किसी भी गलती को सुधारने का पर्याप्त समय मिल जाता है। इसके अतिरिक्त, अंतिम समय में बैंक सर्वर डाउन होने या लेनदेन संबंधी समस्याओं से बचने के लिए भी समय पर आवेदन करना हितकर है।

रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड याद रखें

विद्यार्थियों को उच्चतर शिक्षा विभाग के एडमिशन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। सभी दस्तावेज पहले से स्कैन कर तैयार रखें। अपना सही नाम, ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर भरें क्योंकि इनको बाद में नहीं बदला जा सकता। अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड अच्छी तरह नोट कर लें क्योंकि सेकंड इयर और फाइनल इयर तक इसकी जरुरत पड़ती है। रजिस्ट्रेशन के बाद व्यक्तिगत विवरण, शिक्षा, वेटेज, दस्तावेज, कॉलेज और कोर्स भरे जायेंगे।

इसके लिए अपने फोटो और सिग्नेचर की स्कैन कॉपी, 10वीं और 12वीं कक्षा का सर्टिफिकेट, स्कूल से जारी मूल चरित्र प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र, आरक्षण का लाभ लेने के लिए उस केटेगरी के जरूरी प्रमाण पत्र अपने साथ तैयार रखें। हरियाणा के सभी विद्यार्थियों के लिए परिवार पहचान पत्र अनिवार्य है।

5 कॉम्बिनेशन भरने जरूरी

विद्यार्थी ध्यान से अपना ऑनलाइन आवेदन भरें। बीए जैसे जिन पाठ्यक्रमों में एक से ज्यादा सब्जेक्ट कॉम्बिनेशन हैं, वहां कम से कम 5 कॉम्बिनेशन भरने जरूरी हैं। यदि अभी 12वीं का सर्टिफिकेट नहीं मिला है तो फॉर्म भरते समय ऑनलाइन रिजल्ट की कॉपी अपलोड कर सकते हैं। एक ही यूजर आईडी से अलग-अलग कॉलेजों के लिए आवेदन कर सकते हैं। हरियाणा से बाहर के विद्यार्थी अखिल भारतीय कोटे के तहत आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन की हार्ड कॉपी सुरक्षित रखें

आवेदन भरने के बाद उसकी प्रिंट कॉपी और पीडीएफ सेव कर लें। फॉर्म सबमिट करने के बाद ईमेल और एसएमएस की पुष्टि अवश्य चेक करें। आवेदन की रजिस्ट्रेशन फीस 100 रुपए है। यदि विद्यार्थी अपने ऑनलाइन फार्म में कोई संशोधन करना चाहें तो 01 जून तक कर सकते हैं। पहली प्रोविजनल मेरिट लिस्ट 10 जून को जारी होगी ताकि कोई आपत्ति हो तो उसे दूर कर दिया जाए। पहली फाइनल मेरिट लिस्ट 11 जून को आयेगी। इस लिस्ट में जिन विद्यार्थियों का नाम आएगा, वे 12 जून से 15 जून तक फीस भर सकेंगे।