May 20, 2026
20 may 4
  • यमुनानगर में सबसे कम, 25 तक राहत मिलने की उम्मीद नहीं

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में इस साल रिकॉर्ड तोड़ गर्मी का प्रकोप शुरू हो चुका है। राज्य के कई शहरों में आसमान से आग बरस रही है और लू से हालात बदतर हो गए हैं। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य में पहली बार भीषण लू का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।

रोहतक राज्य में सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी इस जानलेवा गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

हरियाणा के कम से कम 7 प्रमुख शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया है। इनमें सबसे बेहाल करने वाली स्थिति रोहतक और सिरसा की रही। गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने एडवाजरी जारी कर चेताया है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक घरों से बाहर ना निकलें। आने वाली 25 तक राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। 25 के नौपता शुरू हो जाएगा। इसमें तापमान और बढ़ सकता है। हरियाणा के अधिकांश इलाकों में मंगलवार को लू चली जिससे तापमान बढ़ा।

25 मई तक कोई राहत नहीं, शुष्क रहेगा मौसम

मौसम विभाग के विशेष बुलेटिन के अनुसार, हरियाणा में अगले 5 से 6 दिनों तक मौसम पूरी तरह से शुष्क रहेगा। आगामी दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ी गिरावट होने की संभावना नहीं है। इसके चलते 19 मई से 25 मई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में तीव्र लू का दौर लगातार जारी रहेगा। विशेषकर दक्षिणी और पश्चिमी हरियाणा में पारा 45 से 47 डिग्री के बीच बने रहने का अनुमान है।

धूप और लू से ऐसे बचें
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें। प्यास न भी लगे, तब भी लगातार पानी पीते रहें। शरीर में इलेक्‍ट्रोलाइट्स की कमी पूरी करने के लिए ओआरएस घोल लेते रहें, घर की बनी लस्सी, नींबू पानी, छाछ या चावल का पानी लें। बाहर जाते समय हमेशा हल्के रंग के, ढीले सूती कपड़े पहनें और सिर को कपड़े, टोपी या छतरी से ढककर रखें। बुजुर्गों और बच्चों का खास ख्याल रखें।

खेती-किसानी और पशुधन का बचाव
फसलों को भीषण गर्मी के तनाव से बचाने के लिए सिंचाई केवल सुबह या देर शाम को ही करें, ताकि तेज धूप से मिट्टी गर्म न हो। गेहूं और जौ की थ्रेशिंग का काम निपटाकर भूसे को सुरक्षित और ढके हुए स्थान पर रखें ताकि हवा में न उड़े। तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए सब्जियों में अभी सिंचाई रोक दें। अगले 3 दिन कपास की बुवाई टाल दें। पशुओं को ठंडे शेड में रखें, पर्याप्त पानी दें और रोजाना 50 ग्राम नमक व मिनरल मिक्सचर दें।