May 9, 2024

प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं करनाल विधानसभा उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी नायब सिंह सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाज के सभी वर्गो के विकास के लिए दिन रात काम किया है और वैश्विक स्तर पर देश का कद बढ़ाया है।

देश की जनता चाहती है कि केवल नरेंद्र मोदी ही देश के प्रधानमंत्री बनें और जनता का समर्थन और आशीर्वाद नरेंद्र मोदी के साथ है।

करनाल विधानसभा उप-चुनाव के प्रत्याशी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी वीरवार को सेक्टर-8 में वैद्य देवेन्द्र बत्तरा, गऊशाला रोड पर राम अवतार व चिराग गुप्ता द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पहुंची।

सुमन सैनी का सभी कार्यक्रमों में जोरदार स्वागत किया गया। सुमन सैनी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं करनाल विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी नायब सैनी एवं पूर्व मुख्यमंत्री व लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी मनोहर लाल को करनाल में भारी मतों से जिताने का आह्वान किया।

सुमन सैनी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबों और देश के विकास के बारे में सोचते हैं जबकि विपक्ष केवल अपने बच्चों को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बनाने के बारे में सोचता हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार ने उन 60 करोड़ गरीबों के जीवन स्तर को बेहतर करने के लिए काम किया है जो पहले विकास प्रक्रिया से अलग-थलग महसूस करते थे। उन्होंने कहा कि मोदी जी के 10 वर्षो में आज देश विकसित भारत का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहा है और जनता मोदी जी के इस संकल्प को पूरा करने में साथ है ताकि हमारा देश पंक्ति में सबसे आगे हो।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने के लिए जनता करनाल सहित प्रदेश की सभी 10 सीटें मोदी जी की झोली में डालेगी और करनाल विधानसभा उप चुनाव में भी जनता के आशीर्वाद से कमल खिलेगा।

इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग कल्याण निगम की चेयरपर्सन निर्मला बैरागी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मीना कांबोज, निवर्तमान मेयर रेनूबाला गुप्ता, रेखा आनंद, पूर्व पार्षद मेघा भंडारी, पूर्व पार्षद मोनिका गर्ग व प्रियंका काठपाल सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *