May 5, 2024
हरियाणा भाजपा सरकार में स्कूल शिक्षा, वन, पर्यावरण, संसदीय कार्य व पर्यटन मंत्री कंवरपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत देते हुए गत मार्च व अप्रैल में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि के कारण रबी की फसल के नुकसान के लिए 181 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि जारी की है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एक क्लिक से ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल के माध्यम से सीधे किसानों के खातों में मुआवजा राशि को ट्रांसफर किया गया है।
कंवरपाल ने कहा कि हरियाणा प्रदेश के 67,758 किसानों के खातों में भेजी गई मुआवजा राशि , भाजपा सरकार ने फसल क्षति का विशेष सर्वेक्षण किया था, जिसके अनुसार 18 जिलों में 2.09 लाख एकड़ में फसल की क्षति दर्ज की गई थी।
गेहूं, सरसों और तोरिया फसलों के लिए 67,758 किसानों को 181 करोड़ रुपये की राशि क्षतिपूर्ति के रूप में जारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर किसानों का शत-प्रतिशत पंजीकरण करवाना सुनिश्चित करें ताकि उन्हें समय पर मुआवजा दिया जा सके।
उन्होंने कहा कि वे दिन गए जब किसान अपना मुआवजा पाने के लिए वर्षों इंतजार करते थे। वर्तमान भाजपा सरकार ने ई-गवर्नेंस की दिशा में बढ़ते हुए यह सुनिश्चित किया है कि किसानों को समय पर मुआवजा मिले।
उन्होंने कहा कि ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल फसल नुकसान के समय आवेदन, सत्यापन और मुआवजा प्रदान करने की प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
इस पोर्टल के माध्यम से मुआवजा राशि मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर उपलब्ध करवाए गए किसान के सत्यापित खाते में सीधे जमा करवाई जाती है। इसके लिए मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल के अलावा और कहीं भी पंजीकरण करने की आवश्यकता नहीं है।
मुख्यमंत्री ने हाल ही में बारिश के कारण फसलों के नुकसान का आकलन करने के लिए प्रभावित गांवों का दौरा किया था और किसानों को मई के महीने में मुआवजे की राशि जारी करने का वादा किया था।
यह पहली बार हुआ है कि किसानों को मुआवजा राशि सीधे उनके खातों में मिली है, जबकि पहले उपायुक्तों के माध्यम से यह राशि दी जाती थी।
उल्लेखनीय है कि श्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार ने प्रकृति के प्रकोप से किसानों के हितों की रक्षा के लिए समय-समय पर कई अहम कदम उठाए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *