April 29, 2024

सिंगल यूज प्लास्टिक व पॉलीथिन पर प्रतिबंध के बाद प्रयोग करने पर नगर निगम की टीम ने सोमवार को जगाधरी के विभिन्न बाजारों में छापेमारी की। इस दौरान छह दुकानदारों से पॉलीथिन बरामद हुई। जिनका मौके पर ही चालान कर साढ़े 14 हजार रुपये जुर्माना राशि वसूली गई। यह कार्रवाई एसआई अमित कांबोज के नेतृत्व में की गई। इस दौरान दुकानदारों से बरामद पॉलीथिन को निगम की टीम द्वारा जब्त किया गया।

एक जुलाई 2022 से सिंगल यूज प्लास्टिक जैसे पॉलीथिन, प्लास्टिक के चम्मच, डोने, गिलास, आइसक्रीम स्टिक, प्लेट, कप, कांटे, स्ट्रा, ट्रे, मिठाई के डिब्बे पर लगने वाली पन्नी, प्लास्टिक निमंत्रण पत्र, सिगरेट पैकेट, थर्माकोल का सजावटी सामान, पीवीसी बैनर, प्लास्टिक स्टिक वाले ईयरबड, गुब्बारे में लगने वाले प्लास्टिक स्टिक, प्लास्टिक के झंडे समेत 19 सिगल यूज प्लास्टिक आइटम के बेचने व इस्तेमाल पर पूर्णत: प्रतिबंध लगाया गया।

निगमायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पॉलिथीन पर प्रतिबंध लगाने को लेकर जगाधरी जोन में एसआई अमित कांबोज व यमुनानगर जोन में एसआई गोविंद शर्मा के नेतृत्व में टीमें बनाई गई है। सोमवार को एसआई अमित कांबोज, एसआई प्रदीप दहिया, एएसआई सचिन कांबोज, शशि कुमार व होमगार्ड के जवानों की टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान छह दुकानदारों के पास से पॉलिथीन बरामद की गई। निरीक्षक अमित कांबोज ने दुकानदारों का मौके पर ही चालान किया।

इस दौरान उनसे साढ़े 14 हजार रुपये जुर्माना राशि वसूली गई। सफाई निरीक्षक अमित कांबोज ने दुकानदारों को समझाया कि सिंगल यूज प्लास्टिक व पॉलीथिन हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत हानिकारक है। इस पर एक जुलाई से प्रतिबंध लगाया गया है। फिर भी यदि वह इसे बेचेंगे व इसका इस्तेमाल करेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *