May 14, 2024

हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि यादव समाज अम्बाला छावनी की शान है और एक मजबूत एवं सुसंस्कृत समाज है। अम्बाला छावनी को अच्छा शहर कहलवाने में यादव समाज का बहुत बड़ा योगदान।

श्री विज रविवार दोपहर यादव धर्मशाला में श्री यादव सभा के वार्षिक परिवार मिलन समारोह में बतौर मुख्यतिथि समाज के सैकड़ों लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा अक्सर संस्थाएं आपस में मिलती है, लेकिन परिवारों को आपस में कभी नहीं मिलवाते और यह कमी संस्थाओं में है। मगर, यादव सभा ने अच्छा कार्य करते हुए परिवार के लोगों, महिलाओं व बच्चों को एक-दूसरे से मिलने का अवसर प्रदान किया। गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी अच्छा बने इसकी पहचान हो, उसके लिए वह लोगों के सहयोग से पूर्ण कोशिश कर रहे हैं। अम्बाला छावनी में अब तक स्वास्थ्य, खेलों एवं अन्य क्षेत्रों में कई विकास कार्य हुए और विकास के मामले में अम्बाला निरंतर आगे बढ़ रहा है। गृह मंत्री विज ने यादव सभा को अपने कोष से दस लाख रुपए देने की घोषणा की। इससे पहले गृह मंत्री अनिल विज के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर यादव सभा द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया। सभा की ओर से उन्हें पगड़ी व स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित भी किया गया।

छावनी की दो बड़ी समस्याओं का जिक्र किया गृह मंत्री ने, बताया किस तरह हल करवाई यह समस्याएं

गृह मंत्री अनिल विज ने बताया कि वह पहली बार जब विधायक बने तो उन्होंने देखा कि अम्बाला छावनी में पेयजल और बिजली रूपी दो बड़ी समस्याएं थी। छावनी के जितने झगड़े होते थे, वह पानी पीने के नलके पर होते थे और दूसरा जितने प्रदर्शन होते थे वह बिजली नहीं आने के कारण होते थे। इन दोनों बातों को उन्होंने देखा और इसका समाधान किया। छावनी में ट्यूबवेल आधारित पेयजल व्यवस्था थी और जमीन का जलस्तर नियमित नीचे जा रहा था। वह 18 किमी. दूर से नहरी पानी लेकर आए और आज घर-घर में पानी पहुंच रहा है। अम्बाला छावनी का दायरा बढ़ और कुछ गांव शामिल हो गए, इस वजह से एक नई पानी की पाइप लाइन डाली जा रही है ताकि कोई समस्या न रहे।

इसी तरह, बिजली समस्या पर उन्होंने अध्ययन किया तो पता चला कि अम्बाला छावनी में बिजली भाखड़ा से मिलती थी और ज्यादा लोड होने पर अम्बाला छावनी की बिजली काट दी जाती थी। कभी किसी ने नहीं सोचा कि अम्बाला छावनी को बाकि हरियाणा से जोड़ा जा सकता है। उन्होंने छावनी में दो 66केवीए के सर्किट अम्बाला छावनी से शाहबाद तक लगवाए ताकि हरियाणा की बिजली भी हमारे पास आ सके। इसी तरह तेपला में 220केवीए का सब-स्टेशन लगाया जहां से अम्बाला छावनी तक बिजली की आपूर्ति की गई। अब अम्बाला छावनी में बिजली की पर्याप्त आपूर्ति हो रही है।

सैर सपाटे के लिए अब दूसरे शहरों से अम्बाला छावनी आ रहे लोग : मंत्री अनिल विज

गृह मंत्री अनिल विज ने मजाकिया अंदाज में कहा कि पहले बाहर के शहरों की लड़कियां अम्बाला छावनी के लड़कों से शादी नहीं करना चाहती है, क्योंकि अम्बाला में कोई भी घूमने का स्थान नहीं है। उन्होंने सुभाष पार्क बनवाया जहां आज अम्बाला छावनी ही नहीं अन्य शहरों से लोग सैर-सपाटा करने के लिए आ रहे हैं। इसी तरह 1857 के शहीदों को समर्पित 400 करोड़ की लागत से शहीदी स्मारक बनवा रहे है। जहां समूचे देश से लोग इसे देखने आएंगे। इसके साथ साइंस म्यूजियम बनेगा जहां लगभग 400 प्रोजेक्ट होंगे जिससे बच्चे सीख सकेंगे। इन सबके बनने से अम्बाला छावनी में घूमने के स्थान की कोई कमी नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *