- किसान को सिर्फ 63 पैसे देने होंगे
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) धारक किसानों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में हरियाणा राज्य सहकारी अपेक्स बैंक (हरको बैंक) ने ‘व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना’ (PAIS) लागू की है। इसके तहत प्रदेश के करीब 5 लाख केसीसी धारक किसानों को 50,000 रुपए तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर मिलेगा।
सोमवार को हरको बैंक के प्रबंध निदेशक सुशील सारवान की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस योजना को अंतिम रूप दिया गया। हरको बैंक ने केंद्रीय सहकारी बैंकों और इफको-टोकियो सामान्य बीमा कंपनी के साथ वर्ष 2026-27 के लिए यह समझौता किया है। इस बीमा योजना का कुल प्रीमियम ₹1.90 प्रति किसान है। इसमें से ₹1.27 बैंक खुद वहन करेगा, जबकि किसान को महज 63 पैसे देने होंगे।
अब जानिए किस स्थिति में मिलेगा मुआवजा..
₹50,000: किसी दुर्घटना में मृत्यु, पूर्ण स्थायी विकलांगता, दोनों आंखें या दोनों अंग खोने पर।
₹25,000: एक आंख या एक अंग की क्षति होने पर।
क्लेम की प्रक्रिया: दुर्घटना होने की स्थिति में 120 दिनों के भीतर संबंधित बीमा कंपनी को सूचित करना अनिवार्य होगा।
जरूरी दस्तावेज: क्लेम फॉर्म के साथ पुलिस रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट (मृत्यु के मामले में), कानूनी उत्तराधिकारी का विवरण और बैंक खाते के दस्तावेज जमा कराने होंगे।