- कुरुक्षेत्र में GT रोड जाम कर सकते हैं
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में धान की सरकारी खरीद शुरू न होने पर किसान आज भी GT रोड जाम करने की कोशिश कर सकते हैं। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) गुट ने सभी किसान संगठनों को शाहाबाद पहुंचने की अपील की है। किसानों और पुलिस के बीच मंगलवार को टकराव हुआ था। इसके बाद किसान बराड़ा हाईवे (स्टेट हाइवे-4) पर धरने पर बैठ गए। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने भी चढ़ूनी ग्रुप को समर्थन दे दिया है।
गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा- ‘देशभर के किसान संगठनों को कॉल दी गई है। दोपहर को मीटिंग आगे का फैसला लिया जाएगा।’ बुधवार सुबह कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत में किसान नेताओं के घर पुलिस की टीमें पहुंचीं। कुरुक्षेत्र में दो किसान नेताओं को हिरासत में लिया गया।
कुरुक्षेत्र: भगत सिंह यूनियन के जिला प्रधान संजू नंबरदार और प्रदेश महासचिव संजीव आलमपुर को पुलिस ने डिटेन कर लिया। जिला महासचिव दिलबाग सिंह को भी पुलिस डिटेन करने पहुंची, लेकिन वे चकमा देकर फरार हो गए।
पानीपत: किसान नेता एवं उग्राखेड़ी के पूर्व सरपंच बिंटू मलिक को पुलिस ने सुबह ही हाउस अरेस्ट कर लिया।
करनाल: रात करीब 12 बजे BKU करनाल के आईटी सेल के राज्य अध्यक्ष संदीप के घर CIA स्टाफ की टीम पहुंची। आरोप है कि CIA स्टाफ के कर्मचारियों ने घर में घुसकर महिलाओं के साथ बदतमीजी की। वहीं किसान भवन से रतन मान व अन्य को हिरासत में लिया।
चढ़ूनी बोले- हमारी एक मांग, खरीद शुरू करो
गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि किसानों की एक ही मांग है कि धान की सरकारी खरीद तुरंत शुरू की जाए। प्रशासन ने 25 सितंबर से खरीद शुरू करने की बात कही है, लेकिन किसान इसके लिए तैयार नहीं हैं। अधिकारी धान खरीद में भ्रष्टाचार करना चाहते हैं। धान खरीद के लिए पोर्टल की वेरिफिकेशन 31 जुलाई को बंद हो चुकी थी, लेकिन अब दोबारा वेरिफिकेशन शुरू की गई है।
चढ़ूनी ने कहा कि अगर अब खरीद शुरू भी होती है तो खरीदारी कैसे होगी। किसानों के सड़कों पर उतरने के बाद लेट वेरिफिकेशन शुरू की गई है। अब अधिकारियों के पास खेतों में जाकर वेरिफिकेशन करने का समय नहीं बचा है। ऐसे में वे कार्यालय में बैठकर वेरिफिकेशन कर सकते हैं। इससे पोर्टल पर फर्जी वेरिफिकेशन होने की आशंका है।
DC बोले- केंद्र से एक-दो दिन में मंजूरी की उम्मीद
कुरुक्षेत्र के DC विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि धान की सरकारी खरीद को लेकर प्रदेश सरकार की ओर से केंद्र सरकार को पहले ही प्रस्ताव भेजा जा चुका है। केंद्र की ओर से मांगे गए सुझावों का जवाब भी भेज दिया गया है। इसमें MSP में रिलैक्सेशन और खरीद व्यवस्था को लेकर सरकार की तैयारियों की जानकारी दी गई है।
DC ने बताया कि केंद्र से एक-दो दिन में धान खरीद की मंजूरी मिलने की उम्मीद है। मंजूरी मिलते ही खरीद शुरू कर दी जाएगी। प्रशासन को 25 सितंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू होने की उम्मीद है।