- स्टूडेंट्स को पीजी में सप्लाई होनी थी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : फतेहाबाद जिले में टोहाना सीआईए पुलिस ने फतेहाबाद के भूना रोड फ्लाईओवर के पास एक कार से दो युवकों और एक महिला को 114.19 ग्राम कोकीन के साथ पकड़ा है। इसकी बाजार कीमत करीब 58 लाख रुपए बताई गई है।
चौंकाने वाली बात यह है कि कोकीन की मांग करने वालों में स्टूडेंटस शामिल हैं। पुलिस को जानकारी मिली है कि हिसार और फतेहाबाद जिले में इसे पीजी आदि में रहने वाले युवाओं को डिलीवर किया जाना था। पकड़ी गई महिला के फोन में इंटरनेशनल नंबर भी सामने आए हैं। पुलिस इस मामले में आगे की पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने इस तस्करी में शामिल कार को भी जब्त किया है। आरोपियों की पहचान भिवानी के खानक निवासी सोनू, नलवा निवासी रविंद्र शर्मा और नई दिल्ली निवासी निशा के रूप में हुई है। फतेहाबाद की एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि आरोपी महिला पिछले 10-11 महीने से नशा तस्करी के लिए हिसार के आईटीआई चौक क्षेत्र में रह रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस की कार्रवाई
एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि सीआईए टोहाना प्रभारी अजय कुमार के नेतृत्व में एएसआई जतिंद्र सिंह के साथ टीम बीती रात नए बस स्टैंड क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि दो युवक और एक महिला हुंडई ऑरा कार में बड़ी मात्रा में कोकीन लेकर भूना रोड फ्लाईओवर के नजदीक सर्विस रोड पर मौजूद हैं और ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं।
पुलिस को देख भागने की कोशिश की थी
पुलिस टीम ने तत्काल बताए गए स्थान पर छापेमारी की। संदिग्ध कार देखकर पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर कार चालक ने गाड़ी भगाने की कोशिश की, लेकिन सीआईए टोहाना की टीम ने तत्परता और सतर्कता दिखाते हुए कार को रोका और उसमें सवार तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
58 लाख रुपए की कोकीन बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 114.19 ग्राम कोकीन बरामद की। बरामद कोकीन की अनुमानित कीमत करीब 58 लाख रुपए बताई गई है। इस संबंध में थाना शहर फतेहाबाद में धारा 21सी/61/85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।