- बोलीं- कॉलेज पहुंचने में होती है देरी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : यमुनानगर में बसों की कमी से परेशान छात्राओं और ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह जगाधरी-पाबनी-सढौरा रोड पर पाबनी के नजदीक जाम लगा दिया। छात्राएं सड़क पर बैठ गईं, जिससे मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। जाम में पाबनी और आसपास के गांवों से कॉलेज जाने वाले विद्यार्थी शामिल रहे।
विद्यार्थियों का कहना है कि इस रूट पर करीब 15 से 20 गांव पड़ते हैं, लेकिन उनके लिए पर्याप्त बसें नहीं हैं। मौजूदा समय में केवल दो बसें चल रही हैं और उनका समय भी निर्धारित नहीं है। इस कारण विद्यार्थी समय पर कॉलेज नहीं पहुंच पाते जिसके चलते उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है।
सप्ताह में दो ही दिन आती है साढ़े सात वाली बस
छात्रा माही ने बताया कि विद्यार्थियों को कॉलेज पहुंचने के लिए सुबह साढ़े 7, 8 और साढ़े 8 बजे के आसपास बसों का इंतजार करना पड़ता है। साढ़े 7 बजे वाली बस की स्थिति यह है कि वह सप्ताह में केवल दो दिन आती है। बाकी दिनों में विद्यार्थी बस का इंतजार करते रह जाते हैं। उन्होंने बताया कि कॉलेज में उन्हें सुबह 9 बजे तक पहुंचना होता है, इसलिए कई विद्यार्थियों को गांव से साढ़े 7 बजे ही बस पकड़नी पड़ती है, लेकिन बस नियमित नहीं आने के कारण उन्हें परेशानी होती है।
साढ़े 8 बजे वाली बस सढौरा से ही फुल होकर आती है
माही ने बताया कि साढ़े 8 बजे आने वाली बस सढौरा से ही पूरी तरह भरकर आती है। ऐसे में पाबनी और आसपास के गांवों के विद्यार्थियों के लिए उसमें जगह नहीं बचती। कई बार बस में इतनी भीड़ होती है कि विद्यार्थियों का उसमें चढ़ना तक मुश्किल हो जाता है। उन्होंने बताया कि पहले छात्राओं के लिए अलग लेडीज बस भी चलती थी, लेकिन अब उसे बंद कर दिया गया है।
विद्यार्थियों को कॉलेज से वापस घर लौटते समय भी इसी समस्या का सामना करना पड़ता है। वापसी के समय बसों में इतनी भीड़ रहती है कि छात्राओं और अन्य विद्यार्थियों को बस में चढ़ने के लिए भी काफी मशक्कत करनी पड़ती है।
रोडवेज जीएम को फोन किया, नहीं उठा फोन
छात्रा प्रियंका ने बताया कि बसों की समस्या को लेकर रोडवेज के जीएम से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। छात्राओं का कहना है कि कई बार अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक पर्याप्त बसों की व्यवस्था नहीं की गई। मजबूरी में शुक्रवार को उन्हें सड़क पर बैठकर जाम लगाना पड़ा।
उन्होंने कहा कि पाबनी और आसपास के करीब 15 से 20 गांवों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी रोजाना कॉलेज जाते हैं। ऐसे में इस रूट पर बसों की मौजूदा संख्या पर्याप्त नहीं है और बसों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए।
दो बसें आती हैं, दोनों सढौरा से ही भरकर चलती हैं
पाबनी कलां गांव के सरपंच प्रतिनिधि गुलाब सिंह ने बताया कि गांव में केवल दो बसें आती हैं और उनका समय भी सही नहीं है। दोनों बसें सढौरा से चलती हैं और वहां से ही काफी हद तक भर जाती हैं। इससे पाबनी और आसपास के विद्यार्थियों को बसों में जगह नहीं मिल पाती।
शुक्रवार सुबह छात्राओं ने इसी समस्या को लेकर सड़क जाम किया। सरपंच ने बताया कि इस संबंध में रोडवेज विभाग से बातचीत हुई है। विभाग की ओर से समस्या का समाधान करने का प्रयास करने की बात कही गई है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
जाम की सूचना मिलते ही थाना छप्पर प्रभारी अजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्राओं और ग्रामीणों से बातचीत कर जाम खोलने की अपील की। थाना प्रभारी ने बताया कि विद्यार्थियों की बसों से जुड़ी समस्या के बारे में रोडवेज अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है।
रोडवेज के अधिकारी मौके पर पहुंचकर विद्यार्थियों से बातचीत करेंगे और समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। जाम के कारण जगाधरी-पाबनी-सढौरा रोड पर दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। इससे राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है।