August 21, 2026
21 aug 19
  • कारोबारी ने VIDEO जारी किया, पिछली बार लगा था जाम

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : चंडीगढ़ के सेक्टर-10 और 7 में आज पेट्रोल का फ्री लंगर नहीं लगेगा। कारोबारी राकेश त्रेहन उर्फ ‘राजा दी किंग’ ने कहा है कि जब तक पुलिस और प्रशासन से कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलती, तब तक फ्री पेट्रोल का लंगर नहीं लगाया जाएगा। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि फिलहाल पेट्रोल लेने के लिए कहीं भी भीड़ एकत्र न करें।

राकेश ने कहा कि पिछले कार्यक्रम (18 अप्रैल) के दौरान भारी संख्या में लोग पहुंच गए थे। बारिश के कारण स्थिति और ज्यादा खराब हो गई थी। बड़ी संख्या में वाहन एक जगह जमा होने से यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसे में बिना अनुमति दोबारा कार्यक्रम करना ठीक नहीं होगा।

अनुमति मिलने के बाद नई तारीख घोषित होगी

राकेश ने कहा कि पुलिस और प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद ही पेट्रोल के लंगर की अगली तारीख घोषित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अनुमति मिलते ही लोगों को जल्द इसकी जानकारी दी जाएगी। इस दौरान 21 से 23 अगस्त तक पेट्रोल का लंगर लगाने की पहले की गई घोषणा लागू नहीं होगी।

उन्होंने लोगों से कहा कि सोशल मीडिया पर चल रही पुरानी जानकारी के आधार पर सेक्टर-10 पेट्रोल पंप या किसी अन्य जगह पर पेट्रोल लेने के लिए न पहुंचें। इससे भीड़ बढ़ सकती है और किसी को नुकसान हो सकता है।

कारोबारी ने कहा- लोगों की सुरक्षा सबसे जरूरी

राजा दी किंग ने कहा कि उनका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों की मदद करना है, लेकिन इसके लिए लोगों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। अगर बड़ी संख्या में लोग एक साथ पहुंचते हैं तो वहां अफरा-तफरी, यातायात जाम या किसी तरह की दुर्घटना हो सकती है।

उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन की अनुमति और उचित व्यवस्था के बाद ही कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

बारिश के कारण 18 अप्रैल को नहीं लग पाया था लंगर

इससे पहले मंगलवार को सेक्टर-10 के पेट्रोल पंप पर मुफ्त पेट्रोल का लंगर लगाने की तैयारी की गई थी। कार्यक्रम की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने वाहन लेकर वहां पहुंच गए थे। आयोजकों की ओर से लोगों को कूपन भी बांटे गए थे और पेट्रोल का टैंकर भी मौके पर पहुंच गया था।

लेकिन भारी बारिश और बढ़ती भीड़ के कारण कार्यक्रम शुरू नहीं हो सका। कई लोग तेज बारिश के बीच घंटों तक पेट्रोल पंप के बाहर कतार में खड़े रहे। कुछ वाहन बारिश के पानी में बंद हो गए, जिन्हें लोगों ने धक्का देकर पेट्रोल पंप तक पहुंचाया।

भीड़ के कारण सेक्टर-10 में लगा था जाम

मुफ्त पेट्रोल लेने के लिए बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन पहुंचने के कारण सेक्टर-10 पेट्रोल पंप के आसपास यातायात व्यवस्था बिगड़ गई थी। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। इससे दूसरे वाहन चालकों को भी परेशानी हुई।

सूचना मिलने के बाद सेक्टर-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। पुलिस आयोजक राकेश त्रेहन को अपनी गाड़ी में बैठाकर थाने ले गई थी। वहां पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाया कि बिना उचित व्यवस्था के इतनी बड़ी संख्या में लोगों को एक जगह बुलाने से परेशानी हो सकती है। बाद में समझाने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।

भारी बारिश के कारण कई वाहन रास्ते में ही बंद हो गए थे। इससे यातायात और प्रभावित हुआ। पुलिस टीम कैंटर लेकर मौके पर पहुंची और सड़क पर बंद पड़े कुछ वाहनों को हटाया। इसके बाद यातायात व्यवस्था को सामान्य किया गया।

पेट्रोल नहीं मिलने पर लोगों ने जताई नाराजगी

कार्यक्रम की जानकारी मिलने के बाद दूर-दूर से लोग अपने वाहन लेकर सेक्टर-10 पहुंचे थे। कई लोगों के पास आयोजकों की ओर से दिए गए कूपन भी थे। बारिश के बावजूद लोग पेट्रोल मिलने की उम्मीद में इंतजार करते रहे।

जब कार्यक्रम शुरू नहीं हुआ तो लोगों ने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि अगर बारिश या किसी अन्य कारण से कार्यक्रम नहीं होना था तो उन्हें पहले ही इसकी जानकारी दी जानी चाहिए थी। कई लोग काफी देर इंतजार करने के बाद बिना पेट्रोल लिए वापस लौट गए।