August 13, 2026
13 aug 8
  • हवाई पट्टी का होगा विस्तार, टिक्करताल में बनेगा एडवेंचर पार्क

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा के पर्यटन और औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने के लिए सरकार ने कई बड़े प्रोजेक्टों को गति देने का फैसला किया है। सीएम नायब सिंह सैनी ने पिंजौर की हवाई पट्टी के विस्तार की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, ऐतिहासिक यादविंद्रा गार्डन को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करते हुए यहां 100 कमरों का फाइव स्टार होटल बनाने की योजना है।

सीएम ने कहा कि टिक्करताल में एडवेंचर पार्क बनाया जाएगा, जबकि थापली के एडवेंचर पार्क को भी और विकसित किया जाएगा। यादविंद्रा गार्डन में हाई-एंड इंटीग्रेटेड वेडिंग, कन्वेंशन और हॉस्पिटेलिटी डेस्टिनेशन विकसित किया जाएगा। यह पूरा प्रोजेक्ट स्वदेश योजना-2 के तहत रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार किया जा रहा है।

ग्लोबल सिटी में दिसंबर तक पूरा होगा बाकी काम

सीएम ने बताया कि 1000 एकड़ में विकसित की जा रही ग्लोबल सिटी में करीब 1000 करोड़ रुपए की लागत से भौतिक प्रगति का 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। शेष कार्य आगामी दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है।

ग्लोबल सिटी में शिक्षण और स्वास्थ्य संस्थानों के अलावा मॉल, थिएटर, लग्जरी होटल, सामुदायिक केंद्र और मैरिज पैलेस विकसित किए जाएंगे। यहां नमो भारत मेट्रो ट्रेन चलाने की भी योजना है। इसके अलावा विशेष वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और ग्रीन लेक बनाई जाएगी। ग्लोबल सिटी को द्वारका एक्सप्रेस-वे से भी जोड़ा जाएगा।

नांगल चौधरी लॉजिस्टिक हब में 23 अगस्त से ट्रेन

नांगल चौधरी के इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब में बिजली, सिंचाई, सड़क, बाहरी रेल साइडिंग और आंतरिक रेल यार्ड का काम पूरा हो चुका है। आंतरिक इन-मोशन वे ब्रिज का निर्माण भी जारी है, जो अगले 6 महीने में पूरा होने की उम्मीद है। 23 अगस्त को सीएम लॉजिस्टिक हब में चलने वाली विशेष ट्रेन का स्वागत करेंगे।

हिसार IMC में डिफेंस से एग्रो फूड तक उद्योग

हिसार में विकसित किए जा रहे इंडस्ट्रियल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (IMC) में बड़े स्तर पर बुनियादी ढांचा तैयार किया जा रहा है। यहां स्किल डेवलपमेंट सेंटर, कन्वेंशन सेंटर, एग्जीबिशन हॉल, लॉजिस्टिक पार्क और मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल के साथ डिफेंस एवं एयरोस्पेस, एग्रो फूड प्रोसेसिंग, गारमेंट और टेक्सटाइल उद्योग विकसित किए जाएंगे।

एयरपोर्ट के लिए वाटर सप्लाई और 220 केवी बिजलीघर तैयार किया जा रहा है। एयरपोर्ट के प्रथम चरण में 1578 एकड़ भूमि की चारदीवारी बनाने का काम भी जारी है।