- राज्यभर में स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर की जांच
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : गुरुग्राम के सेक्टर-84 स्थित अंतरिक्ष हाइट्स ग्रुप हाउसिंग सोसायटी में बास्केटबॉल पोल गिरने से एक युवा खिलाड़ी के गंभीर रूप से घायल होने के बाद हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन (HOA) ने पूरे राज्य में खेल सुविधाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। एसोसिएशन ने गुरुग्राम के उपायुक्त और हरियाणा के रजिस्ट्रार ऑफ सोसायटीज को अलग-अलग पत्र भेजकर सभी सार्वजनिक खेल परिसरों और ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों में स्थापित खेल ढांचे की तत्काल सुरक्षा जांच कराने की मांग की है।
खिलाड़ी को रीढ़ में गंभीर चोट
अंतरिक्ष हाइट्स सोसायटी में अभ्यास के दौरान भारी बास्केटबॉल पोल अचानक गिर गया, जिससे एक युवा खिलाड़ी की रीढ़ की हड्डी में कई फ्रैक्चर आए, जबकि अन्य खिलाड़ी बाल-बाल बच गए। एसोसिएशन का कहना है कि पोल की जर्जर स्थिति को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं हुई।
अब जानिए क्या लिखा है पत्र में…
रोहतक और बहादुरगढ़ की घटनाओं का भी उल्लेख
हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन ने पत्र में कहा कि यह कोई अकेली घटना नहीं है। इससे पहले रोहतक और बहादुरगढ़ में भी खराब बास्केटबॉल पोल के कारण खिलाड़ियों की जान जा चुकी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं खेल ढांचे के नियमित निरीक्षण, रखरखाव और समय पर बदलाव की आवश्यकता को दर्शाती हैं।
राज्यभर में फिजिकल इंस्पेक्शन की मांग
एसोसिएशन ने रजिस्ट्रार ऑफ सोसायटीज से मांग की है कि हरियाणा की सभी ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों में बने फील्ड ऑफ प्ले और अन्य खेल सुविधाओं का जिला स्तर पर भौतिक सत्यापन कराया जाए। साथ ही प्रत्येक जिले की निरीक्षण रिपोर्ट हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन को भी उपलब्ध कराई जाए।
DC गुरुग्राम से जवाब मांगा
DC गुरुग्राम को भेजे गए पत्र में सार्वजनिक खेल परिसरों, बास्केटबॉल कोर्ट और अन्य खेल उपकरणों का नियमित निरीक्षण कराने, जंग लगे या असुरक्षित उपकरणों को तत्काल बदलने तथा रखरखाव एजेंसियों को आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया गया है। हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष कैप्टन जसविंदर मीनू बेनीवाल तथा महासचिव कृष्ण लाल पंवार की ओर से जारी किया गया है।