- दुकान के बाहर खड़े थे दोनों, मलबे में दबे, बारिश बनी वजह
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : फरीदाबाद में बल्लभगढ़ के शहर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। चावला कॉलोनी हाईवे स्थित सोहना टी-पॉइंट के पास एक बंद दुकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय दुकान बंद थी, लेकिन छज्जे के नीचे खड़े दो युवक मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, अहिरवाड़ा निवासी राहुल की इस दुकान पर पेप्सी, चाय और अन्य सामान बेचा जाता है। दुकान पिछले तीन दिनों से बंद थी। बुधवार सुबह करीब 10 बजे दो युवक दुकान के बाहर छज्जे के नीचे खड़े थे। इसी दौरान अचानक छज्जा गिर गया और दोनों युवक उसके मलबे के नीचे दब गए।
दोनों मृतक बिहार के रहने वाले
मृतकों की पहचान अमरजीत और संतोष के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बिहार के निवासी थे और बल्लभगढ़ के जीवन नगर में किराए पर रहकर काम करते थे।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
शहर थाना प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लगातार हुई बारिश और दुकान के पुराने व जर्जर छज्जे के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।