July 15, 2026
15 july 24
  • पुलिस-कृषि विभाग की संयुक्त कार्रवाई, अवैध सप्लाई के शक में FIR

हरियाणा ब्रेेकिंग न्यूज : यमुनानगर के रादौर क्षेत्र में पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त कार्रवाई में कृषि योग्य यूरिया से भरा एक ट्रक पकड़ा गया है। ट्रक में 45-45 किलो के कुल 450 बैग एनएफएल निर्मित यूरिया लदा हुआ था। मौके पर कोई बिल, ई-वे बिल या अन्य दस्तावेज नहीं मिले।

इतना ही नहीं मौके से चालक भी फरार हो गया। पुलिस ने चालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, फर्टिलाइजर कंट्रोल ऑर्डर और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को देख आरोपी फरार

कृषि विभाग के निरीक्षक बाल मुकंद ने बताया कि सूचना मिली थी कि त्रिवेणी चौक नाके से एक संदिग्ध ट्रक कृषि योग्य यूरिया लेकर गुजर रहा है। सूचना के आधार पर रादौर थाना पुलिस ने नाकाबंदी कर एक बिना नंबर वाले लाल रंग के ट्रक को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर ड्राइवर ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर कृषि विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। जांच के दौरान ट्रक में 450 बैग कृषि योग्य यूरिया मिला। अधिकारियों ने यूरिया के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए। मौके पर कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने के कारण अधिकारियों ने आशंका जताई कि कृषि योग्य यूरिया का औद्योगिक उपयोग किया जाना था।

मालिक की पहचान में जुटी पुलिस

निरीक्षक बालमुकंद की शिकायत पर रादौर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ट्रक के चेसिस नंबर के आधार पर उसके मालिक और फरार चालक की पहचान करने में जुटी है।