- जींद में पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात, चैनत में महापंचायत में लिया फैसला
हरियाणा ब्रेेकिंग न्यूज : हांसी के निकट गांव चैनत में भाखड़ा पाइपलाइन से टी-कनेक्शन के जरिए पेयजल उपलब्ध कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों का धरना शुक्रवार को 56वें दिन में प्रवेश कर गया। इसी क्रम में गांव के मैरिज पैलेस में हरियाणा की विभिन्न खाप पंचायतों और किसान संगठनों की संयुक्त महापंचायत आयोजित की गई।
कई घंटे चली पंचायत के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक गांव चैनत को टी-कनेक्शन के माध्यम से पेयजल उपलब्ध नहीं कराया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा।महापंचायत की अध्यक्षता करते हुए रोधी खाप के प्रधान हरदीप शर्मा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को 14 जुलाई तक का समय दिया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस अवधि तक गांव की मांग पूरी नहीं हुई, तो 17 जुलाई को जींद में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में खाप पंचायतें और चैनत के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचकर सीधे प्रधानमंत्री के समक्ष अपनी मांग रखेंगे।
सरकार पर अनदेखी का लगाया आरोप
हरदीप शर्मा ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत आवश्यकता के लिए ग्रामीणों को 56 दिनों से धरने पर बैठना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार की अनदेखी को आंदोलन के लंबा खींचने का कारण बताया और कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो पूरे हरियाणा की खाप पंचायतें इस आंदोलन में शामिल होंगी।
महापंचायत में मौजूद किसान संगठनों और खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार खुद पाइपलाइन में टी-कनेक्शन लगवाती है और बाद में उसे उखड़वाकर ग्रामीणों पर ही मुकदमे दर्ज कर देती है, जिसे उन्होंने अन्यायपूर्ण बताया।