- पहाड़ों पर बारिश से हथिनीकुंड बैराज पर जलस्तर बढ़ा
हरियाणा ब्रेेकिंग न्यूज : हरियाणा में मानसून के कमजोर होने के बाद अब पहाड़ों पर हो रही बारिश से नदियां उफान पर हैं। हथिनीकुंड बैराज पर जलस्तर बढ़कर 50 हजार क्यूसेक क्रॉस हो गया है। मौसम विभाग ने आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में मारकंड नदी में 11 हजार क्यूसेक से अधिक पानी रिकॉर्ड किया गया है। नदी का जलस्तर बढ़ने से शाहाबाद से कठवा गांव में सड़कों और खेतों में पानी भर गया। स्कूल बस के पूरे टायर पानी में समा गए।
पंचकूला में बारिश के बाद घग्गर, कौशल्या नदी में जलस्तर बढ़ गया है। जलस्तर बढ़ने से पंचकूला प्रशासन ने पूरे जिले में धारा-163 लागू कर दी है। 28 अगस्त तक नदी-नालों के पास जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लग गया है।
मारकंडा नदी के पानी से कई गांव प्रभावित
कुरुक्षेत्र मे मारकंडा नदी में शनिवार सुबह 14,294 क्यूसेक पानी पहुंचने के बाद शाहाबाद क्षेत्र के कठवा, कलसाना, तंगोर और मोहनपुर गांव प्रभावित हो गए। सबसे ज्यादा असर कठवा में रहा, जहां मुख्य सड़क पानी में डूबने से आवागमन बाधित हो गया। नदी का पानी आसपास के खेतों में भी फैल गया। तीन घंटे बाद सुबह 9 बजे जलस्तर घटकर 11,711 क्यूसेक रह गया।
पंचकूला में नदियां उफान पर, धारा 163 लागू
हिमाचल के पहाड़ों और पंचकूला में भारी बारिश से घग्गर, कौशल्या व टांगरी नदी में जलस्तर बढ़ गया है। बाढ़ के खतरे को देखते हुए डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने पूरे जिले में बीएनएसएस की धारा 163 लागू कर दी है। 28 अगस्त 2026 तक नदी- नालों के किनारे जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। उल्लंघन करने वालों पर केस दर्ज किया जाएगा।
तापमान बढ़ेगा, नमी से उमस बढ़ेगी
मानसून की गतिविधियों में आ रही कमी और हवाओं के रुख में बदलाव के कारण अब वातावरण में नमी धीरे-धीरे कम होने लगेगी। इसके असर से दिन के अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को उमस व गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, रात का तापमान अभी सामान्य के आसपास ही बना रहेगा।
दिन का पारा 2.4 डिग्री तक बढ़ा
हरियाणा में बीते 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में औसतन 2.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, हालांकि यह सामान्य से करीब 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान सिरसा में 38.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
यमुनानगर में रात का पारा सबसे कम
हरियाणा के न्यूनतम तापमान में मामूली 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई, जो सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान यमुनानगर के हथनीकुंड बैराज पर 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।