- हादसे के बाद गाड़ी ड्राइवर फरार
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : नूंह जिले से गुजर रहे दिल्ली-अलवर हाईवे (एनएच-248ए) पर रविवार सुबह करीब 8 बजे एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना आकेड़ा थाना क्षेत्र में हुई।
हादसा उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार और ऑटो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। ऑटो में छह लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
मृतकों-घायलों की पहचान कराने में जुटी पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज में दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। चार घायलों का इलाज जारी है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ऑटो ड्राइवर गांव मेवली का निवासी है। घायलों में टाई गांव के दो युवक और मध्य प्रदेश के दो व्यक्ति शामिल हैं। मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।
कार ड्राइवर की तलाश में जुटी पुलिस
सूचना मिलने पर आकेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फरार स्विफ्ट कार ड्राइवर की तलाश जारी है और पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
इस हादसे ने दिल्ली-अलवर रोड पर सड़क सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।