June 12, 2026
12 june 7
  • मानेसर महिला थाने में तैनाती

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : गुरुग्राम में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने मानेसर महिला थाने में तैनात हेड कांस्टेबल कविता को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, मानेसर महिला थाने में दर्ज एक आपराधिक मामले में शिकायतकर्ता के भाई बलराम और मुकेश का नाम शामिल था। हेड कांस्टेबल कविता इस मामले की जांच या उससे जुड़ी प्रक्रिया में शामिल थी। उसने शिकायतकर्ता के भाइयों को मुकदमे से बाहर करने और उनका नाम केस से हटाने के एवज में रिश्वत की मांग की। दोनों पक्षों के बीच आखिरकार 50 हजार रुपए में सौदा तय हुआ।

एसीबी ने बिछाया जाल
शिकायतकर्ता रिश्वतखोर पुलिसकर्मी को पैसे नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने इसकी सूचना तुरंत एंटी करप्शन ब्यूरो गुरुग्राम यूनिट को दी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत प्लानिंग तैयार की और आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। योजना के तहत शिकायतकर्ता को केमिकल लगे हुए नोट देकर हेड कांस्टेबल कविता के पास भेजा गया।

रंगे हाथ गिरफ्तारी से हड़कंप
जैसे ही शिकायतकर्ता ने मानेसर महिला थाने के पास हेड कांस्टेबल कविता को तय किए गए 50 हजार रुपए की राशि सौंपी, वैसे ही एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। टीम ने जब आरोपी महिला पुलिसकर्मी के हाथ धुलवाए, तो केमिकल के कारण उनका रंग बदल गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि मौके पर ही हो गई।

भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई
एसीबी के अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उनका अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपी कविता से अब गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस खेल में कोई और भी शामिल था या नहीं।