- सामान्य से 181% अधिक बरसात
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में भी चक्रवाती तूफान अर्नब का असर दिखाई दे रहा है। गुरुवार सुबह पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद, यमुनानगर के कई हिस्सों में बारिश हुई। बूंदाबांदी के बाद काली घटाएं छाई रहीं।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने आज प्रदेश के 15 जिलों में बरसात और तेज हवा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। करनाल और यमुनानगर में आंधी का भी अलर्ट है।
अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, पलवल, नूंह में बरसात हो सकती है। यहां गरज-चमक के साथ 50 से 60 km/h की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
जानिए, आज और कल कैसा रहेगा मौसम…
- 29 अक्टूबर: हरियाणा के मध्य, पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों के 15 जिलों में गरज-चमक, 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।
- 30 अक्टूबर: हरियाणा के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों के जिलों में आकाशीय बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अचानक तेज हवाएं चलने की संभावना है। पंचकूला, भिवानी, चरखी दादरी, जींद, सिरसा, फतेहाबाद और हिसार इसमें शामिल हैं।
अक्टूबर में 181 प्रतिशत ज्यादा बारिश
राज्य में 1 से 27 अक्टूबर 2026 तक सामान्य से 181% ज्यादा बारिश दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम केंद्र चंडीगढ़ के आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में प्रदेश में औसतन 25.3 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य औसत 9.0 मिमी है। जिलेवार आंकड़ों में सोनीपत में सबसे ज्यादा 63.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।
रेवाड़ी का बावल 13 डिग्री के साथ सबसे ठंडा
राज्य में ठंड का असर दिखने लगा है। हालांकि, पिछले दिन के मुकाबले प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी हुई है। इसके बावजूद तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान रेवाड़ी जिले के बावल में 13.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पंचकूला में 13.1 डिग्री, महेंद्रगढ़ में 13.2 डिग्री, नारनौल में 13.5 डिग्री और करनाल में 13.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। इन क्षेत्रों में रात के समय ठंडक अधिक महसूस की जा रही है।