- नारनौल में रात का तापमान 22 डिग्री रहा
हरियाणा ब्रेकिेंग न्यूज : हरियाणा में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग ने आज पूरे प्रदेश में आंधी, बिजली चमकने और बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और चरखी दादरी समेत 7 जिलों में बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, 4 जून को भी हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में बारिश हो सकती है। वहीं 6 जून तक मौसम का यह बदलाव बना रहने की संभावना है। मंगलवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में एक दिन पहले की तुलना में बढ़ोतरी दर्ज की गई। सिरसा में सबसे अधिक 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि नारनौल में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
6 जून तक सक्रिय रहेंगे दो पश्चिमी विक्षोभ
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, दो पश्चिमी विक्षोभों के आंशिक प्रभाव से 6 जून तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील बना रहेगा। इस दौरान बीच-बीच में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और हवाओं की दिशा में भी बदलाव देखने को मिलेगा। पहला पश्चिमी विक्षोभ 3 जून और दूसरा 4 जून को पहाड़ी क्षेत्रों की ओर बढ़ेगा।
पंजाब के ऊपर बनेगा साइक्लोनिक सर्कुलेशन
डॉ. खीचड़ ने बताया कि पंजाब के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना है। इसके आंशिक प्रभाव से 6 जून तक हरियाणा के अधिकांश क्षेत्रों में बीच-बीच में मध्यम से तेज गति की हवाएं चल सकती हैं। साथ ही कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की भी संभावना है। इस दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में मध्यम से तेज बारिश भी हो सकती है। हालांकि, दिन के तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
अभी तक 18% ज्यादा बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के मुताबिक, 1 मार्च से 31 मई तक प्रदेश में 52.4 मिमी. बारिश हुई है। औसतन बारिश 44.6 मिमी. होती है। यानी सामान्य से 18% ज्यादा बारिश हुई है। अब जो बारिश होगी, वह मानसून की बारिश मानी जाएगी। प्रदेश में जून-सितंबर तक मानसून का सीजन होता है। अब सर्कुलेशन पश्चिमी विक्षोभ असर दिखाएंगे।
अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे
मौसम विभाग की तरफ से जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश का औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से 3°C नीचे बना हुआ है। हालांकि, सिरसा जिला 41.2°C अधिकतम तापमान के साथ पूरे प्रदेश में सबसे गर्म रिकॉर्ड किया गया है। इसके विपरीत, ठंडी हवाओं के चलते सूबे का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3°C कम दर्ज किया गया। इसमें महेंद्रगढ़ का नारनौल क्षेत्र सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 22.0°C पर पहुंच गया।