May 18, 2026
18 may 2
  • 4 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान, सिरसा सबसे गर्म शहर

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक बढ़ने वाली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग चंडीगढ़ केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में मौसम फिलहाल शुष्क बना रहेगा और अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

मौसम विभाग ने आज (18 मई) से प्रदेश के कई जिलों में हीट वेव यानी लू चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, महेंद्रगढ़, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिल सकता है।

सिरसा रहा सबसे गर्म

रविवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, रोहतक में 42.8, नारनौल में 42.5 और हिसार में 42.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। फरीदाबाद में भी पारा 43.7 डिग्री तक पहुंच गया।

कल 14 जिलों में चलेगी हीट वेव

महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में 19 मई को अलग-अलग स्थानों पर हीट वेव चलने की संभावना जताई गई है।

बारिश की कोई संभावना नहीं

मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है और पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण दोपहर के समय गर्म हवाओं का असर तेज हो सकता है। चिकित्सकों ने भी लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।

बचाव के उपाय अपनाएं

विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में लगातार बढ़ोतरी के चलते बिजली और पानी की मांग भी बढ़ सकती है। ऐसे में लोगों को गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की जरूरत है। बढ़ते तापमान को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।