- बिना लेट फीस 30 तक भर सकेंगे, इसके बाद लगेगा शुल्क
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा फरवरी/मार्च-2027 आयोजित करवाई जाने वाली सेकेंडरी (10वीं) तथा सीनियर सेकेंडरी (12वीं) मुक्त विद्यालय परीक्षा के लिए सीटीपी, ओसीटीपी, रि-अपीयर, अतिरिक्त विषय, आंशिक अंक सुधार एवं पूर्ण विषय अंक सुधार श्रेणी के तहत आवेदन करने के इच्छुक परीक्षार्थी 20 नवंबर से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. शंकर लाल धूपड़ एवं सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने कहा कि सेकेंडरी (मुक्त विद्यालय) सीटीपी/ओसीटीपी/अतिरिक्त विषय/रि-अपीयर/आंशिक व पूर्ण विषय अंक सुधार श्रेणी की परीक्षा के लिए 1450 रुपए परीक्षा शुल्क निर्धारित किया गया है। सीनियर सेकेंडरी (मुक्त विद्यालय) सीटीपी/ओसीटीपी/अतिरिक्त विषय/रि-अपीयर/आंशिक व पूर्ण विषय अंक सुधार की परीक्षा के लिए 1500 रुपए परीक्षा शुल्क निर्धारित किया गया है। परीक्षार्थी बिना विलंब शुल्क 20 नवंबर से 30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रायोगिक परीक्षा के लिए प्रति विषय 100 रुपए अतिरिक्त शुल्क देय होगा।
विलंब शुल्क के साथ 31 दिसंबर तक आवेदन का मौका
उन्होंने बताया कि जो परीक्षार्थी उक्त निर्धारित तिथियों में आवेदन नहीं कर पाते हैं, वे परीक्षार्थी 100 रुपए विलंब शुल्क सहित 1 दिसंबर से 10 दिसंबर तक, 300 रुपए विलंब शुल्क सहित 11 दिसंबर से 21 दिसंबर तक तथा 1000 रुपए विलंब शुल्क सहित 22 दिसंबर से 31 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन के संबंध में सभी दिशा-निर्देश बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। परीक्षार्थी सभी दिशा-निर्देशों को पूर्ण रूप से पढने के बाद ही आवेदन करना सुनिश्चित करें। अंतिम तिथि के बाद किसी भी आवेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा।