- धुंध में हादसों का खतरा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : कैथल में चीका-पटियाला मार्ग के निर्माण में देरी का मुद्दा लगातार गहराता जा रहा है। गुहला से कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस ने एक बार फिर सड़क निर्माण में देरी को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। हालांकि, मार्ग के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग ने 22 करोड़ रुपए का टेंडर जारी किया है।
विधायक का कहना है कि जब तक सड़क बनेगी, तब तक सर्दियां निकल जाएंगी। धुंध में लोगों को गड्ढे दिखाई नहीं देंगे और हादसों का खतरा बना रहेगा। इस संबंध में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जारी किया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है।
कहा- कोहरे में भी इसी सड़क से गुजरेंगे लोग
वीडियो में विधायक ने कहा कि पीडब्ल्यूडी विभाग कैथल-चीका सड़क के निर्माण के लिए टेंडर जारी करेगा, लेकिन सवाल यह है कि अब टेंडर निकलेगा, 21 दिन बाद खुलेगा और फिर 10 दिन बाद काम अलॉट होगा। इसके बाद ठेकेदार भी काम शुरू करने में समय लगाएगा। इसका मतलब है कि आने वाले कोहरे और धुंध के मौसम में भी क्षेत्र के लोगों को इसी बदहाल सड़क से गुजरना पड़ेगा। सड़क पर न तो सफेद पट्टियां हैं और न ही इसकी हालत सुरक्षित आवागमन के लायक है।
औपचारिकताएं पूरी करना जनता से मजाक
विधायक ने सवाल उठाया कि क्या सरकार की यही संवेदनशीलता है? लोगों की जान जोखिम में डालकर उन्हें टेंडर की औपचारिकताएं पूरी होने का इंतजार करवाना जनता के साथ बड़ा मजाक है। जनता को आश्वासन नहीं, बल्कि सुरक्षित सड़क चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल यही मार्ग नहीं, बल्कि गुहला हलके की कई सड़कों की हालत भी खराब है, लेकिन सरकार का उन पर कोई ध्यान नहीं है।
सरकार के पुतले जलाने की चेतावनी
वीडियो को लेकर विधायक से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि सरकार को अभी भी इस सड़क पर हादसों का इंतजार है। यदि सड़क का काम जल्द शुरू नहीं हुआ तो इसके विरोध में बड़े प्रदर्शन किए जाएंगे और सरकार व मंत्रियों के पुतले जलाए जाएंगे।