- आज रात से बदलेगा मौसम, कल से बारिश के आसार
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज: हरियाणा में सूरज की तपिश अब झुलसाने लगी है। शुक्रवार को प्रदेश के तापमान में भारी उछाल दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार, रोहतक में पारा 44.6 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा, जो सामान्य से 5.9 डिग्री अधिक है। रोहतक पूरे देश में छठा सबसे गर्म शहर रहा।
पहले नंबर पर प्रयागराज रहा जहां पारा 45.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दूसरे नंबर पर अकोला(45.0), तीसरे पर झारसुगुड़ा(ओडिशा) 44.8, चौथे पर महाराष्ट्र का अमरावती 44.8, इसके बाद महाराष्ट्र का वर्धा, छठे नंबर पर उत्तर प्रदेश का वाराणसी और हरियाणा का रोहतक रहा जहां तापमान 44.3 डिग्री रहा।
तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश के 13 प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रिकॉर्ड किया गया है । इनमें रोहतक (44.6°C), सिरसा (43.4°C), हिसार (42.9°C), नारनौल (42.8°C), और फरीदाबाद (43.5°C) जैसे शहर शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है। मौसम विभाग ने आज अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल सहित कई जिलों में लू और वॉर्म नाइट रहेगी।
कल से दो दिन बारिश के आसार- एचएयू
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि राज्य में मौसम आमतौर पर 29 अप्रैल तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है।
इस दौरान 25 अप्रैल देर रात्रि को एक पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों की तरफ बढ़ने की संभावना है। जिसके आंशिक प्रभाव से 26 अप्रैल रात्रि से 29 अप्रैल के दौरान हरियाणा राज्य में आंशिक बादलवाई रहने और गरज चमक के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है।
किसानों के लिए विशेष एडवाइजरी
मौसम में आए बदलाव और आगामी दिनों में संभावित बारिश व तेज हवाओं को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। किसानों को सलाह दी गई है कि वे गेहूं और जौ की तैयार फसल की कटाई और थ्रेसिंग जल्द से जल्द पूरी कर लें और अनाज को सुरक्षित स्थान पर रखें।
अगले 3-4 दिनों तक कपास, मूंग, उड़द और सूरजमुखी की बुवाई रोकने की सलाह दी गई है । साथ ही सब्जियों (भिंडी, लौकी, खीरा) की बुवाई भी टाल दें। बदलते मौसम के कारण अगले तीन दिनों तक किसी भी प्रकार के कीटनाशक के छिड़काव से बचें। गर्मी और लू से बचाने के लिए पशुओं को दिन के समय छायादार और हवादार शेड में रखें, उन्हें पर्याप्त और साफ पानी पिलाएं, ताकि वे ‘हीट स्ट्रेस’ का शिकार न हों ।