- खेत में घुसकर भाइयों पर भी गंडासी-डंडों से हमला, जमीन से कब्जा छोड़ने की धमकी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : पानीपत के थाना सनौली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव नन्हेड़ा में जमीनी विवाद को लेकर समालखा बार एसोसिएशन के प्रधान और उनके दो भाइयों पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने अपने 10-12 अन्य साथियों के साथ मिलकर खेत में घुसकर गंडासी, लोहे की राड और डंडों से हमला किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेत में पानी चलाने गए भाई को दी धमकी
समालखा बार एसोसिएशन के प्रधान और पेशे से वकील अशोक कुमार निवासी नन्हेड़ा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 21 अप्रैल 2024 की शाम करीब 7:30-8:00 बजे वह अपने भाई संसार और पहल सिंह के साथ जलालपुर-बापौली रोड स्थित अपने खेतों में गए थे।
जब उनका भाई पहल सिंह खेत में पानी चलाने गया, तो पड़ोसी अनिल और जॉनी ने उनके खेत में जबरन गेहूं और भूसा निकाल रखा था। विरोध करने पर आरोपियों ने देख लेने की धमकी दी।
मोटरसाइकिलों पर आए 10-12 हमलावर
शिकायत के अनुसार, कुछ ही देर में बाइकों पर सवार होकर करीब 10-12 लोग वहां पहुंचे। अनिल हाथ में गंडासी लेकर ललकारते हुए आया और संसार के सिर पर सीधा वार कर दिया। इसके बाद जॉनी ने लोहे की रॉड से संसार और पहल सिंह के हाथों पर हमला किया। सोनू ने डंडों से ताबड़तोड़ वार किए।
आरोपियों के साथ आए बिट्टू (निवासी नन्हेड़ा) और सतपाल (निवासी जलालपुर) ने भी लाठी-डंडों से अशोक कुमार और उनके भाइयों को बुरी तरह पीटा।
यमुना पार के खेतों को लेकर चल रहा विवाद
अशोक कुमार ने बताया कि हमलावर मारपीट करते हुए धमकी दे रहे थे कि यमुना पार वाले खेतों पर कानूनी कार्रवाई बंद कर दो, वरना जान से मार देंगे। पीड़ित वकील का आरोप है कि आरोपी अनिल पहले भी कई बार उन्हें जान से मारने की धमकी दे चुका था। घटना वाले दिन भी हल्का पटवारी के दफ्तर में अनिल ने उन्हें धमकी दी थी, जिसकी शिकायत उन्होंने तुरंत एसडीएम समालखा को दी थी।
केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
मारपीट में घायल हुए वकील और उनके भाइयों का इलाज करवाया गया है। सनौली थाना पुलिस ने अशोक कुमार की शिकायत पर अनिल, जॉनी, सोनू, बिट्टू, सतपाल और 10-12 अन्य अज्ञात हमलावरों के खिलाफ जानलेवा हमला करने, बंधक बनाने और धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।