March 11, 2026
11 march 10
  • केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छोटे मूल्य के नोटों के लिए ‘स्मॉल वैल्यू डिस्पेंसर’ के माध्यम से एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया

सामान्‍य ATM से अमूमन छोटे बैंक नोट नहीं निकलते हैं. आपने भी जब निकाला होगा तो आपको 500-500 रुपये के और 100-200 रुपये के नोट मिले होंगे. बाजार में छुट्टे पैसे की दिक्‍कत भी होती रही है. ऐसे में कम वैल्‍यू के नोटों को लेकर चर्चाएं होने लगी थीं. क्‍या बाजार में छोटे नोटों की कमी हो गई है? क्‍या 10 रुपये, 20 रुपये और 50 रुपये के नोट नहीं मिल रहे हैं? क्‍या छोटे नोट मार्केट से गायब हो गए है? पिछले कुछ दिनों से लगाई जा रहीं ऐसी अटकलों और सवालों पर सरकार ने विराम लगा दिया है. केंद्र सरकार ने मंगलवार को संसद में बताया कि देश में चलन में मौजूद 10, 20 और 50 रुपये के छोटे मूल्यवर्ग के करेंसी नोटों की कोई कमी नहीं है. एक प्रश्न के उत्तर में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने इस संबंध में तस्‍वीर साफ की.

खास ATM से निकलेंगे छोटे नोट! 

राज्यसभा में एक प्रश्न के उत्तर में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि आरबीआई (RBI) के अनुसार, पारंपरिक रूप से एटीएम के माध्यम से छोटे मूल्यवर्ग के बैंक नोट वितरित नहीं किए जाते रहे हैं. उन्होंने सदन को ये भी सूचित किया कि छोटे मूल्य के नोटों के लिए ‘स्मॉल वैल्यू डिस्पेंसर’ के माध्यम से एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया है. यानी एक खास तरह के एटीएम से 10, 20 और 50 रुपये के नोट निकलेंगे.

छोटे नोटों का पूरा हिसाब-किताब 

सरकार के अनुसार, चालू वित्त वर्ष में (26 फरवरी तक), केंद्रीय बैंक द्वारा 10 रुपये के 439.40 करोड़ नोट, 20 रुपये के 193.70 करोड़ नोट और 50 रुपये के 130.30 करोड़ बैंक नोटों की आपूर्ति की गई है. पिछले वित्त वर्ष (FY25) में 10 रुपये के 180 करोड़ नोट, 20 रुपये के 150 करोड़ नोट और 50 रुपये के 300 करोड़ नोटों की आपूर्ति की गई थी