- 60 हजार में सौदा तय हुआ, पहली किस्त लेते ही ACB ने दबोचा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : गुरुग्राम में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने शिवाजी नगर थाने में तैनात एडिशनल SHO सब इंस्पेक्टर नरपाल सिंह को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पश्चिम बंगाल के रहने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ थाने में आई शिकायत का निपटारा करने और आपराधिक मामला दर्ज न करने की एवज में 2 लाख रुपए मांगे थे।
बातचीत के बाद 60 हजार रुपए में सौदा तय हुआ था। ACB ने शिकायत के आधार पर जाल बिछाया और 30 हजार रुपए की पहली किस्त लेते ही आरोपी को पकड़ लिया। उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर निवासी अनंता भूमिक ने ACB को दी शिकायत में बताया कि वह वर्तमान में गुरुग्राम की ईएमएएआर प्लम हिल्स सोसाइटी में किराये पर रहता है। वह भूपेंद्र की ग्रोसरी और फ्रूट की दुकान पर काम करता है। भूपेंद्र खांडसा रोड स्थित दुकान नंबर 19 पर अरसद से फ्रूट खरीदते थे। इस खरीद-फरोख्त में 40 लाख रुपए से ज्यादा की देनदारी थी।
शिकायत के निपटारे के बदले 2 लाख मांगे
पैसों को लेकर भूपेंद्र और अरसद के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के सिलसिले में अनंता को भी थाने बुलाया गया था। भूपेंद्र ने उसके खिलाफ भी शिवाजी नगर थाने में शिकायत दी थी। इस शिकायत का निपटारा करने और उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज नहीं करने के बदले एडिशनल SHO नरपाल सिंह ने उससे 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। बातचीत के बाद यह रकम 60 हजार रुपए तय हुई।
राजपत्रित अधिकारी के सामने रंगेहाथ पकड़ा
शिकायत मिलने के बाद एसवी एंड ACB की टीम ने जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान सब इंस्पेक्टर नरपाल सिंह को शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपए की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
ACB गुरुग्राम यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर जयपाल सिंह ने बताया कि ट्रैप की कार्रवाई के दौरान राजपत्रित अधिकारी के तौर पर DHBVNL से SDO धर्मेंद्र कुमार मौजूद रहे। पूरी कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगामी जांच जारी है।