- 24 घंटे में 3.1°C तक तापमान गिरा, ठंड बढ़ी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में सर्दी ने अब अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से प्रदेश में न्यूनतम तापमान इस सीजन में पहली बार 10 डिग्री के करीब पहुंच गया है।
इसी बीच मौसम विभाग ने 17 से 20 नवंबर तक घने कोहरे को लेकर इस सीजन का पहला यलो अलर्ट जारी कर दिया है। आज प्रदेश के 4 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और करनाल में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 3.1 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। पंचकूला में सबसे कम 10.9°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा करनाल में 11.8°C, इंद्री में 11.9°C और यमुनानगर (दामला) में पारा 12.0°C तक लुढ़क गया।
दिन के तापमान में भी 1.6 डिग्री की गिरावट
रात के साथ-साथ अब दिन में भी ठंडक बढ़ने लगी है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है।
प्रदेश में सबसे ज्यादा 29.1°C तापमान सिरसा में दर्ज किया गया, जबकि नारनौल में दिन का पारा सामान्य से 4.5 डिग्री नीचे गिरकर 25.5°C और रोहतक में 25.7°C पर आ गया है। गुरुग्राम में अधिकतम तापमान में एक ही दिन में 3.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
20 नवंबर तक हरियाणा में घने कोहरे का असर
मौसम विभाग के जिला स्तरीय पूर्वानुमान के अनुसार 17 नवंबर से उत्तर और पूर्वी हरियाणा से कोहरे की शुरुआत होगी। 19 नवंबर को प्रदेश के अधिकांश जिलों में घना कोहरा छाने की चेतावनी दी गई है, जिसका असर 20 नवंबर को भी बना रहेगा।
कोहरे के साथ खराब हवा की दोहरी मार
तापमान गिरने के साथ प्रदेश के कई शहरों की हवा भी खराब से बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, हिसार (338) और बल्लभगढ़ (337) में AQI बेहद खराब श्रेणी में दर्ज किया गया।
वहीं, सोनीपत (297), बहादुरगढ़ (295), सिरसा (280), फतेहाबाद (264), जींद (259), भिवानी (255), गुरुग्राम (247), चरखी दादरी (239), रोहतक (234) और फरीदाबाद (221) में हवा खराब स्थिति में बनी हुई है।