November 14, 2026
14 nov 6
  • पूर्वी राज्यों में गए 4.45 लाख यात्री, रेलवे की 256 ट्रेन-ट्रिप में 55 बाकी


हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : 
दीपावली और छठ पर्व के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। त्योहारों के दौरान अंबाला मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों से करीब 19.50 लाख यात्रियों ने सफर किया। इनमें लगभग 4.45 लाख यात्री पूर्वी राज्यों की ओर जाने वाले थे। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया।

रेलवे की ओर से 13 नवंबर तक कुल 67 ओरिजिनेटिंग फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन ट्रिप निर्धारित किए गए थे। इनमें से 51 ट्रिप संचालित हो चुके हैं, जबकि 16 ट्रिप अभी शेष हैं। इन ट्रेनों का संचालन चंडीगढ़, बठिंडा, अंबाला छावनी, सरहिंद और सहारनपुर स्टेशनों से किया गया।

अंबाला मंडल में स्पेशल ट्रेनों के 55 ट्रिप अभी बाकी, 201 पूरे

इसके अलावा अंबाला मंडल से होकर गुजरने वाली 25 स्पेशल ट्रेनों के 189 ट्रिप भी निर्धारित किए गए। इनमें से 150 ट्रिप पूरे हो चुके हैं, जबकि 39 ट्रिप संचालित होने बाकी हैं। इस तरह मंडल से कुल 256 स्पेशल ट्रेन ट्रिप निर्धारित किए गए, जिनमें से 201 ट्रिप 13 नवंबर तक संचालित हो चुके थे।

यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे ने किए पुख्ता इंतजाम

रेलवे प्रशासन के अनुसार त्योहारों के दौरान स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए। विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई और रेल परिचालन की लगातार निगरानी की गई। रेलवे का कहना है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया।