- 5 शहरों में भी प्रदूषण बेहद खराब, आज बूंदाबांदी के आसार
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ने लगा है, जबकि दिन में अभी गर्मी बरकरार है।
मौसम विभाग के 13 नवंबर के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान महेंद्रगढ़ में 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दूसरी तरफ दिन के तापमान में भी बहुत ज्यादा गिरावट नहीं आई है। प्रदेश में अधिकतम तापमान नूंह में 32.6 डिग्री तक पहुंच गया है। हिसार में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री रहा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 13 और 14 नवंबर को कुछ जिलों में छिटपुट बारिश की संभावना है। 15 नवंबर को बारिश का दायरा बढ़ सकता है।
इसके बाद 16 और 17 नवंबर को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। बारिश और बादलों की आवाजाही के बाद तापमान में बदलाव देखने को मिल सकता है।
बल्लभगढ़ में AQI 400, पांच शहरों की हवा बेहद खराब
मौसम में बदलाव के बावजूद हरियाणा में प्रदूषण से राहत नहीं मिल रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के 13 नवंबर शाम 4 बजे के बुलेटिन के अनुसार बल्लभगढ़ में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 दर्ज किया गया।
यह प्रदेश में सबसे अधिक है। इसके बाद गुरुग्राम 324, पंचगांव 318, मानेसर 316 और बहादुरगढ़ 308 AQI के साथ बेहद खराब श्रेणी में रहे।
7 शहरों की हवा खराब
प्रदेश के 24 निगरानी शहरों में से पांच की हवा बेहद खराब, सात की खराब और 12 शहरों की हवा मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई। किसी भी शहर का AQI 400 से ऊपर नहीं पहुंचा। हालांकि बल्लभगढ़ 400 के स्तर पर पहुंचकर गंभीर श्रेणी की दहलीज पर रहा।
प्रदूषण का असर केवल एनसीआर तक सीमित नहीं है। भिवानी में AQI 245, फतेहाबाद में 237, यमुनानगर में 219 और जींद में 261 दर्ज हुआ। यानी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हवा की गुणवत्ता प्रभावित है।
बल्लभगढ़ देश में सबसे ज्यादा प्रदूषित
प्रदूषण के मामले में बल्लभगढ़ देश के सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल रहा। दिल्ली में AQI 373, गाजियाबाद में 368, नोएडा में 313 और ग्रेटर नोएडा में 348 दर्ज हुआ।
हरियाणा के बल्लभगढ़ का 400 AQI इन सभी से अधिक रहा। इससे साफ है कि दिल्ली-एनसीआर के प्रदूषण का असर हरियाणा के शहरों में भी गंभीर बना हुआ है।