- ऐसा सम्मान पाने वाले पहले भारतीय एथलीट
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : फरीदाबाद के रहने वाले प्रोफेशनल बॉक्सर सागर नरवत ब्रिटिश संसद में सम्मानित होने वाले पहले भारतीय एथलीट बने हैं। वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की लंदन की ओर से तीन उपलब्धि हासिल करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सम्मानित होने वालों में ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया से हरविंदर ‘सिया’ जैन, ब्रिटेन के हाउंस्लो से पॉल स्मिथ और भारत के हरियाणा से बॉक्सर सागर नरवत शामिल है।
सागर को बॉक्सिंग-किकबॉक्सिंग में वर्ल्ड लेवल की उपलब्धियों, गरीब बच्चों को फ्री में बॉक्सिंग सिखाने के लिए, विदेशी धरती पर तिरंगा लहराने के लिए ‘प्रशंसा प्रमाण पत्र’ (Certificate of Excellence) से नवाजा गया है।
गांव खेड़ी के रहने वाले हैं सागर नरवत
सागर नरवत (31) मूल रूप से हरियाणा के फरीदाबाद में गांव खेड़ी कलां के रहने वाले है। वर्ष 2021 में राहुल कुमार को हराकर WBC एशिया बॉक्सिंग काउंसिल कॉन्टिनेंटल सुपर वेल्टरवेट खिताब अपने नाम किया। सागर वर्ष 2022 में कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए भारतीय बॉक्सिंग दल में जगह बनाने की दौड़ में भी शामिल रहे और जून 2022 में इसके लिए क्वालीफाई किया।
UK में पत्नी के साथ रह रहे
साल 2023 में शादी के बाद से वह UK में अपनी पत्नी मातांगी (30) के साथ रह रहे हैं। यहां पर वह Heavy Hitters Boxing & Fitness Academy चलाते है और खुद भी प्रैक्टिस करते है। उनके पिता हरियाणा पुलिस में सब इंस्पेक्टर (रिटायर्ड) है। जबकि भाई मेडिकल लाइन से जुड़े हुए है। वर्ष 2021 में सागर हिंदी गाने ‘चंगा’ के म्यूजिक वीडियो में भी दिखाई दिए थे। यह गाना 31 अगस्त 2021 को बिग बैंग म्यूजिक के यूट्यूब चैनल पर जारी हुआ था।
सागर नरवत को सम्मानित किए जाने पर परिवार में खुशी का माहौल है। पिता आरम सिंह और भाई नितेश नरवत ने कहा कि सागर ने देश का नाम ऊंचा किया है। वो पहले ऐसे एथलीट बने है जिनको ब्रिटिश संसद में सम्मानित किया गया।
जानिए कौन हैं सागर नरवत…
यूट्यूब देखकर बॉक्सर बनने का सपना जागा
सागर नरवत का जन्म 10 जुलाई 1994 को फरीदाबाद के खेड़ी कलां गांव में हुआ। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा फरीदाबाद के मॉडर्न स्कूल, सेक्टर-17 और विद्या मंदिर पब्लिक स्कूल, सेक्टर-15A से प्राप्त की। उन्होंने 12वीं कक्षा मॉडर्न स्कूल, सेक्टर-17 से पास की। इसके बाद नई दिल्ली के इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ प्लानिंग एंड मैनेजमेंट से पढ़ाई की।
सागर को बचपन से ही बॉक्सिंग में दिलचस्पी थी। वह यूट्यूब पर मुक्केबाजी के मुकाबलों की वीडियो देखते थे। इन्हीं मुकाबलों को देखकर उनके मन में बॉक्सर बनने की इच्छा मजबूत हुई। वर्ष 2010 में उन्होंने फरीदाबाद के द्रोणाचार्य बॉक्सिंग क्लब में किकबॉक्सिंग का प्रशिक्षण लेना शुरू किया। यहां कोच राजीव गोदारा और जय भगवान ने उन्हें बॉक्सिंग में आगे बढ़ने की सलाह दी।
वर्ष 2011 में उन्होंने इसी क्लब में बॉक्सिंग का नियमित प्रशिक्षण शुरू किया। शुरुआती दौर में उन्होंने जिला स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में 10 से अधिक पदक जीते।
राज्य और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में किया प्रदर्शन
सागर ने वर्ष 2013 में गुरुग्राम में आयोजित हरियाणा प्रोफेशनल बॉक्सिंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता। वर्ष 2015 में 48वीं सीनियर पुरुष हरियाणा राज्य बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भी कांस्य पदक हासिल किया। वर्ष 2016 में उन्होंने इंटरनेशनल रूरल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के साथ बेस्ट बॉक्सर का पुरस्कार भी प्राप्त किया।
13 अक्टूबर 2017 को फिलीपींस में आयोजित बकबाकन सादलॉ सैन कालबायोग इंटरनेशनल चैंपियनशिप में उन्होंने फिलीपींस के बॉक्सर जून मामो को हराया। इस जीत के बाद उन्हें ‘आयरन मैन’ की उपाधि मिली। इसी वर्ष उन्होंने सुपर बॉक्सिंग लीग के पहले सीजन में ओपीएम पंजाब सुल्तान की ओर से भी मुकाबले खेले।
सुपर बॉक्सिंग लीग में मिला ‘द शेर’ नाम
सागर नरवत ने सुपर बॉक्सिंग लीग सहित कई पेशेवर बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। सुपर बॉक्सिंग लीग के दौरान उनका मुकाबला एक अनुभवी आर्मी बॉक्सर से हुआ था। उस समय सागर पेशेवर बॉक्सिंग में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने प्रतिद्वंद्वी के आक्रामक पंच से बचते हुए सही समय पर जवाबी हमले किए और मुकाबला जीत लिया। इसके बाद लीग से जुड़े लोगों ने उन्हें ‘द शेर’ नाम दिया।
राहुल कुमार को हराकर जीता WBC एशिया खिताब
वर्ष 2021 सागर के पेशेवर करियर के महत्वपूर्ण वर्षों में शामिल रहा। उन्होंने ‘द पंच 7’ बॉक्सिंग प्रतियोगिता में दिल्ली के राहुल कुमार को हराकर WBC एशिया बॉक्सिंग काउंसिल कॉन्टिनेंटल सुपर वेल्टरवेट खिताब जीता। सागर ने इस मुकाबले को अपने जीवन की सबसे बड़ी फाइट बताया।
उनके प्रोफेशनल बॉक्सिंग रिकॉर्ड में मनीष, नाइजीरिया के संडे जेफ इयेगबुये, हरीश सतबीर, गुलाब लोहोट, अमित रावत, निशांत सिंह, तंजानिया के अब्दुल्ला लुआंजा, मोहम्मद शादाब खान और इंदरपाल सिंह जैसे मुक्केबाजों के खिलाफ जीत दर्ज होने का उल्लेख है।
गांव में खोला बॉक्सिंग और फिटनेस क्लब
सागर ने वर्ष 2018 में अपने गांव खेड़ी कलां में ‘सागर नरवत बॉक्सिंग एंड फिटनेस क्लब’ की स्थापना की। इसका उद्देश्य गांव और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को बॉक्सिंग का प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए दूर शहरों में न जाना पड़े। साल 2023 में यूके चले जाने के बाद उनके भाई नितेश नरवत इस क्लब कै चलाते है।
लव मैरिज की ,पत्नी MNC में कार्यरत
सागर के भाई नितेश नरवत ने बताया कि सागर की पत्नी गुजरात की रहने वाली है। दोनों ने लव मैरिज की थी लेकिन दोनों परिवार की रजामंदी से शादी हुई। शादी के बाद सागर अपनी पत्नी के साथ यूके में रहता है। साल में दो से तीन बार वह परिवार से मिलने के लिए आता है।